द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज में 1000 करोड़ के अवैध खनन घोटाला मामले में फरार चल रहे दाहू यादव को पुलिस ढूंढ नहीं पा रही है। 7 मई 2023 को फरार रहने के कारण उसके घर की कुर्की-जब्ती भी की गई। क्योंकि, पिछले महीने एक हजार करोड़ के खनन घोटाले में राजेश यादव उर्फ दाहू यादव व सुनील यादव के खिलाफ ईडी कोर्ट ने कुर्की-जब्ती वारंट निर्गत किया था। पुलिस को ढूंढने के बावजूद दाहू यादव नहीं मिल रहे हैं लेकिन बाबूलाल ने उनके ठिकाने को ढूंढ लेने का दावा किया है। दरअसल उन्होंने ट्वीट करते हुए सीएम हेमंत सोरेन से कहा है कि सुना है कि ईडी केस का अभियुक्त साहिबगंज का अपराधी दाहू यादव आज अभी दलाही पहाड़ के दलाही बस्ती में अपने गैंग के लोगों को बुलाकर मीटिंग कर रहा है। और आपकी पुलिस को वह महीनों से ढ़ूढ़े नहीं मिल रहा। वो पकड़ायेगा भी तो कैसे? जब दाहू के चांदी के चमचमाते जूते की चोट से वहां के पुलिस वाले के हाथ बंधे हुए हैं। सत्ता का संरक्षण है सो अलग।

…घुटने के बल जेल पहुंचा देगी पुलिस
बाबूलाल ने सीएम से कहा कि दो दिनों पहले दाहू के यहां कुर्की-ज़ब्ती की नौटंकी वाली खबर पर तो आपकी नज़र पड़ी ही होगी। अपनी न सही कम से कम राज्य के इज्जत की तो चिंता कीजिए। कलम उठाइए। वहां के एसपी को आदेश दीजिए कि दाहू और उनके गुर्गों को चौबीस घंटे में पकड़ कर अंदर करो वरना खुद को सस्पेंड समझो। दाहू के काली कमाई के हिस्सेदार प्रशासन-पुलिस के लोगों पर एफआईआर की चेतावनी दीजिए। फिर देखिए आपकी यही पुलिस दो घंटे में दाहू को घुटने के बल चलाकर जेल पंहुचा देगी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT