रांची
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आज ट्वीट कर सरकार पर आरोप लगाये हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) का पद एक महीने से खाली पड़ा है। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार ने करीब 15 जिलों के पुलिस अधीक्षकों का तबादला तो कर दिया, लेकिन प्रदेश के शीर्ष पुलिस पदाधिकारी की नियुक्ति अब तक नहीं की गई है।
मरांडी ने आरोप लगाया कि यह स्थिति राज्य सरकार की जनता की सुरक्षा को लेकर बरती जा रही लापरवाही को दर्शाती है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि केंद्र सरकार द्वारा पत्र भेजे जाने के बावजूद मुख्यमंत्री डीजीपी की नियुक्ति को टाल रहे हैं, जिससे संवैधानिक टकराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
मरांडी ने हेमंत सोरेन को संबोधित करते हुए कहा, "हेमंत जी, शराब घोटाले की तपिश देर-सबेर आप तक पहुंच ही सकती है। अब भी समय है, सही सलाह मान लीजिए।" उन्होंने आगे कहा कि जिस प्रकार पूर्व प्रधान सचिव ने मुख्यमंत्री के लिए मुश्किलें खड़ी की थीं, उसी तरह अनुराग गुप्ता से असंवैधानिक तरीके से काम लेना भी भविष्य में घातक साबित हो सकता है।