गढ़वा
राज्यसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद आज गढ़वा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आगामी राज्यसभा चुनाव लड़ेगी और जीत भी दर्ज करेगी. हालांकि, राज्यसभा चुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें तो दोनों सीटों पर महागठबंधन की स्थिति मजबूत दिखाई दे रही है. वर्तमान संख्या बल के अनुसार महागठबंधन दोनों सीटों पर क्लीन स्वीप करती नजर आ रही है. भाजपा के पास राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए पर्याप्त वोटों की संख्या नहीं है. ऐसे में बाबूलाल मरांडी के इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है. अब सवाल उठने लगे हैं कि आखिर भाजपा किस रणनीति के तहत अपनी जीत का दावा कर रही है. बता दें कि झारखंड में 18 जून को राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव होना है. इसे लेकर चुनाव आयोग ने अधिसूचना भी जारी कर दी है.
इसके अलावा उन्होंने राज्य सरकार पर भी निशा साधा. उन्होंने कहा गठबंधन सरकार केवल सत्ता सुख के लिए बनी हुई है. इन लोगों को देश और राष्ट्र से कोई मतलब नहीं है. वहीं, RSS द्वारा दिल्ली में आयोजित होने वाले आदिवासी सम्मेलन पर कांग्रेस द्वारा आपत्ति जताए जाने के सवाल पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि कांग्रेस इसका विरोध क्यों कर रही है. जब कोई संगठन अनुसूचित जनजाति के भाई-बहनों के हितों की रक्षा और सुरक्षा के लिए सरकार के समक्ष अपनी बात रख रहा है, तो कांग्रेस को इससे तकलीफ नहीं होनी चाहिए. यह संगठन किसी को भी अपने मंच पर बुला सकता है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कोई बाहरी संगठन नहीं, बल्कि देशभक्त और राष्ट्रभक्त संगठन है.
