logo

संकुचित और कुंठित होकर छात्रों के खिलाफ बदले की कार्रवाई कर रही सरकार- बाबूलाल मरांडी

babulal38.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

रांची, गिरिडीह और हजारीबाग में JSSC-JPSC रिफॉर्म मंच द्वारा तय कार्यक्रम के तहत सीएम हेमंत का पुतला दहन करने के लिए इकट्ठा हुए छात्रों पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा कथित हमले की घटना की बाबूलाल मरांडी ने आलोचना की है। बाबूलाल मरांडी ने इसे लोकतांत्रिक तरीके से न्याय मांग रहे छात्रों के खिलाफ की गई दमनात्मक कार्रवाई बताया। बाबूलाल मरांडी ने हमलावरों को झारखंड मुक्ति मोर्चा का गुंडा करार देते हुए कहा कि घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज लोकतंत्र की हत्या का प्रयास किया गया है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पहले तो धोखा और साजिश के तहत छात्र आंदोलन को समाप्त किया गया और अब सरकार गुंडागर्दी पर उतर आई है। 

बदले की भावना से कार्रवाई करने का आरोप
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड के छात्र आंदोलन को साजिश के तहत रद्द करने और न्यायालय में अपने ही फैसले का बचाव नहीं करने के विरोध में राहुल गांधी और हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर छात्र लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद कर रहे थे, लेकिन इसी क्रम में हजारीबाग के गांधी मैदान और गिरिडीह में छात्रों पर JMM के गुंडों द्वारा मास्क पहनकर लाठीचार्ज किया गया। रांची में भी छात्रों पर हमला हुआ। बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर कुंठित और संकुचित होकर बदले की कार्रवाई करने का आरोप लगाया। 

सरकार से मिले छल पर छात्रों का गुस्सा लाजिमी
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आंदोलनरत छात्रों के सामने आने की मुख्यमंत्री ने हिम्मत नहीं दिखाई और अब प्री-प्लानिंग के तहत गिरिडीह और अन्य जगहों पर झारखंड के  छात्रों को झारखंड मुक्ति मोर्चा के गुंडे पीट रहे हैं। राहुल गांधी और हेमंत सोरेन की इस नीचता का छात्र करारा जवाब देंगे। कहा कि सरकार से मिले छल के बाद छात्रों का गुस्सा लाजिमी है लेकिन फिर भी वे शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे। हेमंत सरकार के गुंडों ने जिस प्रकार कृत्य किया वह निंदनीय है।

सरकार पर अराजकता का माहौल बनाने का आरोप
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार नहीं चाहती कि राज्य में अमन चैन हो। सरकार चाहती है कि यहां अराजकता का माहौल बने, मारपीट हो, संघर्ष हो। यह सरकार जिस रास्ते पर चल पड़ी है वह राज्य के लिए भी अच्छा संकेत नहीं है और jmm की  सेहत के लिए भी ठीक नहीं है। उन्होंने हेमंत सोरेन को सचेत करते हुए कहा कि अगर इसके प्रतिकार में गाँव गांव से नौजवान निकलेंगे तो सरकार के गुंडे कहीं नजर नहीं आयेंगे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से झामुमो के सभी गुंडों को चिन्हित कर अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की है अन्यथा सरकार और जिला प्रशासन की कायरता का भी मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

Tags - Jharkhand NewsJPSC-JSSC ReformStudent ProtestBabulal Marandi