द फॉलोअप डेस्क, रांची:
रांची में जारी छात्र आंदोलन के बीच हेमंत सरकार ने JSSC-CGL समेत TDPL कंपनी द्वारा आयोजित कराई गई सभी भर्ती परीक्षाओं को रद्द कर दिया है। इस फैसले का स्वागत करते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि परीक्षा रद्द करना काफी नहीं है। जब तक पूरे मामले की CBI जांच नहीं होती है, सिस्टम का कोढ़ पूरी तरह से साफ नहीं होगा। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरकार ने परीक्षाओं को रद्द तो किया है, लेकिन CBI जांच की अनुशंसा नहीं करने से ऐसा लगता है कि उनकी मंशा ठीक नहीं है। बाबूलाल मरांडी ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 23 दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों को बधाई दी है। बाबूलाल मरांडी ने JSSC-CGL रद्द होने को बड़ी कामयाबी बताया।
रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में विगत 23 दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों को बधाई एवं शुभकामनाएं। आपने अपने दृढ़ संकल्प, एकता और जीवटता का परिचय देते हुए सरकार को झुकने पर मजबूर किया। JSSC-CGL का रद्द होना आपकी बड़ी विजय है।
— Babulal Marandi (@yourBabulal) August 17, 2026
जो मुख्यमंत्री दंभ के साथ छात्रों के आरोपों को…
सीएम हेमंत ने बुलाई थी आपात बैठक
आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कैबिनेट की आपात बैठक बुलाई थी। बैठक के बाद उन्होंने ऐलान किया कि JSSC-CGL समेत TDPL द्वारा आयोजित कराई गई सभी भर्ती परीक्षाओं को रद्द किया जाता है। सीएम हेमंत ने यह भी जानकारी दी कि वर्ष 2014 से आयोजित सभी भर्ती परीक्षाओं की जांच कराई जाएगी। सरकार ने साथ IAS अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाने का फैसला किया है जो JPSC और JSSC में सुधार के लिए सुझाव देगी। इस बीच फैसला आते ही प्रोजेक्ट भवन में JSSC-CGL के चयनित अभ्यर्थियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

बाबूलाल मरांडी ने फिर की CBI जांच की मांग
सरकार के फैसले पर नेता विपक्ष बाबूलाल मरांडी कहा कि पहले छात्रों के आरोपों को झुठलाया जा रहा था, लेकिन अब उनकी बातें मानने को सरकार विवश हो गई है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि परीक्षा रद्द होना महज एक चरण है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस केस में विनोद सिंह, नीरज सिन्हा, सुधीर गुप्ता और प्रशांत कुमार की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की मांग की। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जब तक CBI जांच नहीं होगी, पूरे सिस्टम का कोढ़ साफ नहीं होगा। दोषियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई नहीं होने से व्यवस्था में बैठे लोग दोबारा युवाओं की नौकरियां बेचने का दुस्साहस करेंगे।
उन्होंने कहा कि CBI जांच और दोषियों पर निर्णायक कार्रवाई से ही छात्रों के संघर्ष की वास्तविक जीत होगी।