द फॉलोअप डेस्क
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर इसे देश और भाजपा के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल विकास, गरीब कल्याण और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियों से भरा रहा है।
.jpeg)
12 वर्षों में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इन 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने करोड़ों गरीबों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि इस अवधि में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले, जो किसी भी लोकतांत्रिक सरकार की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, तीन तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त करने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को उन्होंने सरकार की बड़ी उपलब्धियों में शामिल किया। मरांडी ने कहा कि लंबे समय तक विकास से वंचित रहे पूर्वोत्तर राज्यों में भी अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं।

ऑपरेशन सिंदूर में दुनिया ने भारत की ताकत को देखा
राष्ट्रीय सुरक्षा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार ने सख्त नीति अपनाई। हम लव लेटर नहीं लिखेंगे, घुसकर मारेंगे" वाली प्रधानमंत्री की नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का हवाला दिया और कहा कि दुनिया ने भारत की ताकत को देखा है। कोरोना महामारी के दौरान केंद्र सरकार की भूमिका की सराहना करते हुए मरांडी ने कहा कि संकट की घड़ी में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने बेहतर प्रबंधन का उदाहरण पेश किया। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है और आज देश के 22 राज्यों में एनडीए की सरकार है।
पश्चिम बंगाल की राजनीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने वहां लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक व्यवस्था को चुनौती देकर नई पहचान बनाई है। मरांडी ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों का कार्यकाल देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज किया जाएगा।