द फॉलोअप डेस्क
ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ काशीडीह रामनवमी मैदान में धूमधाम से हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विधानसभा नेता प्रतिपक्ष तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी शामिल हुए और उन्होंने पूजा पंडाल का उद्घाटन किया।
इस मौके पर बाबूलाल मरांडी के अलावा जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू और भाजपा के वरिष्ठ नेता अभय सिंह भी उपस्थित थे। उद्घाटन समारोह को भव्य रूप से 11 पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण और संखध्वनि के साथ प्रारंभ किया गया। अतिथियों ने फीता काटकर पंडाल का उद्घाटन किया और ठाकुर प्यारा सिंह उच्च विद्यालय के छात्रों तथा क्लब के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत माल्यार्पण करके किया। इसके बाद अतिथियों ने पंडाल में प्रवेश कर मां दुर्गा की उपासना की, जहां पंडितों ने दीप प्रज्वलन कर और चुनरी द्वारा अतिथियों का सम्मान किया। इसके बाद, अतिथियों ने ठाकुर प्यारा सिंह और धुरंधर सिंह के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उद्घाटन समारोह में काशीडीह के हजारों निवासी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
समारोह को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जमशेदपुर की पूजा संस्कृति और पूजा पंडाल के विहंगम दृश्यों ने उन्हें आकर्षित किया है। उन्होंने मां दुर्गा की उपासना और इसके धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला और आयोजन में योगदान देने वाले सभी सदस्य का धन्यवाद किया। क्लब के संरक्षक अभय सिंह ने क्लब की ऐतिहासिकता और मां दुर्गा के नौ रूपों का वर्णन किया और हर रूप की महत्ता को उपस्थित दर्शकों के बीच समझाया। उन्होंने नारी रूप में मां दुर्गा की शक्ति की भी व्याख्या की।
सांसद विद्युत वरण महतो ने समारोह में हिस्सा लेने के अनुभव को साझा किया और पंडाल तथा मां दुर्गा की प्रतिमा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार बंगाल और झारखंड के श्रमिकों ने मिलकर इस पंडाल का निर्माण किया है। विधायक पूर्णिमा दास साहू ने मां दुर्गा के देवी स्वरूप का गुणगान किया और समाज में नारी शक्ति की महत्ता पर अपने विचार साझा किए।

इस वर्ष पंडाल का निर्माण पटमदा बंगाल के कारीगरों द्वारा किया गया है, जिसमें तीन महीने का समय लगा है। पंडाल में काश, पुआल और FRP का उपयोग किया गया है। पंडाल तीन हिस्सों में विभाजित है: पहले हिस्से में गुजराती ढोल नृत्य और डांडिया के दृश्य दिखाए गए हैं। दूसरे हिस्से में श्री कृष्ण के जीवन लीला को प्रदर्शित किया गया है, जिसमें माखन खाना, पूतना वध, कंस वध, कालिया नाग वध शामिल हैं। पंडाल के गर्भगृह में मां दुर्गा, सरस्वती, लक्ष्मी, गणेश और कार्तिकेय जी की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।
कार्यक्रम का संचालन सम्राट सिंह ने किया, जबकि स्वागत भाषण राज सिंह और धन्यवाद ज्ञापन भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने दिया। इस अवसर पर क्लब के संरक्षक अभय सिंह, अध्यक्ष निर्भय सिंह, राज सिंह, सुनील दास, कृष्ण प्रसाद, सुशील श्रीवास्तव, संजय कुमार, रिंकू तिवारी, सोमू दास, विनीत दुबे, सूरज जायसवाल, राहुल बंसल सहित क्लब के 200 सदस्य और हजारों की संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
