logo

बाबूलाल मरांडी ने सीएम हेमंत को दी सलाह, कहा- समय निकालकर देख आइए “द केरल स्टोरी”

1380.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी इन दिनों सोशल मीडिया के माध्यम से हेमंत सरकार पर लगातार हमला कर रहे हैं। कई सलाह भी देते रहते हैं। बुधवार को फिर से एक बार बाबूलाल ने सीएम हेमंत सोरेन को एक सलाह दी है। उन्होंने सीएम को एक मूवी देखने की सलाह दी है। कहा, हेमंत सोरेन जी को अपने समाज के हित में एक सलाह- समय निकाल कर #TheKeralaStoryMovie देख आईए। शायद आपकी आंख खुल जाए और आपको आदिवासी-संताल समाज पर व्याप्त खतरे का एहसास हो। बताते चलें कि द केरल स्टोरी मूवी को लेकर देश भर में समर्थन व विरोध का दौर जारी है।

फिल्म बैन करने की मांग कर चुके हैं इरफान
द केरल स्टोरी पर पश्चिम बंगाल की तर्ज पर बैन लगाने की मांग जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने सीएम हेमंत सोरेन से बीते दिनों कर चुके हैं। इस संबंध में उन्होंने सीएम को पत्र लिख कर कहा था जानबूझकर भाजपा चुनाव से पहले इस तरह की मूवी रिलीज कर लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है। इससे पहले द कश्मीर फाइल्स भी चुनाव से पहले रिलीज कर लोगों को बांटने का काम कर चुकी है। जिस प्रकार मूवी में कथित तौर पर केरल की हजारों लड़कियों की कहानी बता कर उनका ब्रेनवाश कर पहले धर्म परिवर्तन और फिर ISIS आतंकी बनाना दिखाया गया है, वो सरासर गलत है। केरल हाईकोर्ट ने कहानी के आंकड़ों को गलत ठहराया है।

बंगाल सरकार ने फिल्म को किया है बैन
द केरल स्टोरी को पश्चिम बंगाल में बीते दिनों बैन कर दिया गया है। इसको लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि फिल्म की स्क्रीनिंग हुई तो राज्य की शांति-व्यवस्था खराब हो सकती है। उन्होंने मुख्य सचिव को दिए आदेश में कहा है कि अगर कोई आदेश का उल्लंघन करते दिखे तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं, सरकार की ओर से जारी आदेश में भी यही कहा गया है कि अगर किसी थिएटर में फिल्म चल रही हो तो उसे तत्काल हटा लें। बताते चलें कि तमिलनाडु में थिएटर्स मालिकों ने फिल्म की स्क्रीनिंग रोक दी है।

फिल्म को लेकर पीएम पर ओवैसी ने साधा था निशाना
AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने फिल्म को लेकर PM मोदी पर निशाना साधा था। ओवैसी ने कहा कि हमारे पीएम एक्टर होने के साथ-साथ एक फिल्म प्रमोटर भी बन गए हैं।  130 करोड़ लोगों का प्रधानमंत्री एक झूठी फिल्म को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने फिल्म बनाने वालों से सवाल पूछते हुए कहा था कि ये फिक्शन है या फैक्ट? तुम कब तक मुसलमानों को बदनाम करके और झूठ बोलकर अपना पेट पालोगे। मालूम हो कि PM नरेंद्र मोदी ने हाल ही में कर्नाटक की एक रैली में द केरल स्टोरी का जिक्र किया था।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें :http://https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT