logo

बाबूलाल मरांडी ने जयराम महतो का किया बचाव, पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल

b2.png

द फॉलोअप डेस्क, रांची 

जयराम महतो के समर्थन में उतरे बाबूलाल मरांडी ने बोकारो के चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी से जुड़ा कथित वायरल एक पुराना ऑडियो शेयर किया है। ऑडियो को लेकर पुलिस एसोसिएशन और जनप्रतिनिधियों के बीच भाषा और मर्यादा को लेकर चल रही बहस के बीच मरांडी ने कई सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा सदस्य जयराम महतो और थाना प्रभारी रवि कुमार के बीच कथित हॉट-टॉक के बाद पुलिस एसोसिएशन की ओर से अलग-अलग तरह के बयान सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि भाषा, शिष्टाचार और मर्यादा हर स्थिति में बनी रहनी चाहिए, लेकिन सवाल यह है कि यह मर्यादा सिर्फ जनप्रतिनिधियों के लिए ही क्यों लागू हो?

आम जनता से पुलिस के व्यवहार पर भी सवाल

बाबूलाल मरांडी ने पुलिस के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या पुलिस एसोसिएशन ने कभी ऐसे पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, जिन्होंने आम आदमी से गाली-गलौज या अभद्र भाषा में बात की हो? उन्होंने कहा कि थानों में आम लोगों के साथ कथित दुर्व्यवहार, फोन पर गाली-गलौज और अभद्र भाषा के इस्तेमाल की शिकायतें अक्सर सामने आती हैं। ऐसे में अगर अग्रणी जनप्रतिनिधि और पुलिस के बीच भी इसी तरह की टकराव की स्थिति पैदा हो रही है, तो इसके लिए सरकार की नीति और पुलिस अधिकारियों को मिल रहा कथित संरक्षण भी जिम्मेदार है।

पुराने वायरल ऑडियो का भी किया जिक्र

बाबूलाल मरांडी ने दावा किया कि कुछ महीने पहले भी बोकारो जिले के चास थाना प्रभारी का कथित गाली-गलौज वाला ऑडियो वायरल हुआ था। उन्होंने कहा कि उस समय उनकी ओर से सरकार से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई थी। बाबूलाल मरांडी का आरोप है कि कार्रवाई करने के बजाय सरकार ने ऐसे पुलिस अधिकारियों को संरक्षण दिया। उन्होंने सवाल किया कि अगर आम जनता द्वारा किसी को गाली देना गलत और अपराध है, तो पुलिस को आम जनता के साथ अपशब्द कहने का विशेषाधिकार आखिर किसने दिया?

पुलिस को जनता से बात करने का तरीका सीखना होगा

मरांडी ने कहा कि पुलिस को सबसे पहले आम जनता से बात करने का तरीका और शिष्टाचार सीखना होगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि ऐसे मामलों को केवल निलंबन तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करना भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच भरोसा तभी मजबूत होगा, जब कानून सभी के लिए समान तरीके से लागू होगा और थानों में आम लोगों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा।
 

Tags - JairamMahatoBabulalMarandiJharkhandPoliticsPoliceControversyJharkhandNews