logo

डुमरी उपचुनाव : CM सोरेन बोले, जनतंत्र से हारेगा धनतंत्र; बाबूलाल ने कहा- झारखंड में बनेगी 'सुशासन' की सरकार

a21.jpeg

रांची/डुमरी: 

डुमरी विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है। बारिश के बीच भी मतदाताओं के उत्साह में कमी नहीं आई और लोगों ने जमकर वोट डाले। इस बीच विभिन्न दलों के नेताओं के बीच बयानबाजी जारी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने डुमरी की जनता से अधिक से अधिक संख्या में वोट डालने की अपील करते हुए कहा कि धनतंत्र पर जनतंत्र की जीत होगी। डुमरी उपचुनाव को झारखंडी अस्मिता से जोड़ते हुए सीएम सोरेन ने कहा कि यह जनता के लिए खुद को समर्पित करने वाले को सम्मान देने का चुनाव है। यहां, मुख्यमंत्री का इशारा दिवंगत पूर्व शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की ओर था। 

झारखंड में बनेगी सुशासन की सरकार
वहीं, संकल्प यात्रा पर बरकट्ठा विधानसभा पहुंचे बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में जल्द सुशासन की सरकार बनेगी। बरकट्ठा में बाबूलाल ने रोड शो किया और वहां उमड़ी भीड़ की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह जनसैलाब दिखाता है कि लोगों में पीएम मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों और भ्रष्टाचार मुक्त शासन पर विश्वास है। उन्होंने कहा कि यह अपार जनसमर्थन झामुमो के लोगों में डर है। यहां सुशासन की सरकार बनेगी। 

डुमरी उपचुनाव का परिणाम 8 सितंबर को
गौरतलब है कि 6 अप्रैल 2023 को चेन्नई में इलाज के दौरान तात्कालीन शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के निधन के बाद खाली हुई सीट पर उपचुनाव हो रहा है। दिवंगत जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी यहां यूपीए की प्रत्याशी हैं तो एनडीए ने आजसू प्रत्याशी यशोदा देवी को मैदान में उतारा है। इन दोनों के अलावा 4 अन्य प्रत्याशियों की किस्मत भी आज ईवीएम में कैद हो जाएगी। 8 सितंबर को परिणाम आएंगे तो पता चलेगा कि जनता ने किसे जनादेश दिया।