द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले के श्रीबंशीधर नगर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बंशीधर मंदिर में जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की 32 मन यानी करीब 1280 किलो शुद्ध सोने की अद्भुत प्रतिमा के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर को फूलों और आकर्षक सजावट से दुल्हन की तरह सजाया गया है। गढ़वा से सटे उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार समेत आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां कान्हा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर से इन राज्यों के लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। अहले सुबह से ही श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के दर्शन कर रहे हैं।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, भक्ति में डूबा श्रीबंशीधर नगर
जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जन्माष्टमी का उन्हें पूरे साल बेसब्री से इंतजार रहता है, क्योंकि यह उनके कान्हा का जन्मदिन है। आज पूरा श्रीबंशीधर नगर भक्तिमय नजर आ रहा है और चारों ओर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति की धारा बह रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार मथुरा-वृंदावन के बाद श्रीबंशीधर मंदिर की विशेष धार्मिक महत्ता मानी जाती है और जन्माष्टमी के दिन यहां दूर-दूर से श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।