logo

स्वर्णरेखा नदी में नहाने के दौरान 14 वर्षीय आयुष की डूबने से मौत, दोस्तों के साथ गया था घूमने

MN.jpg

 द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित गौड़ बस्ती के पास स्वर्णरेखा नदी में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय आयुष कुमार की डूबने से मौत हो गई। आयुष गोलमुरी न्यू केबल टाउन का रहने वाला था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वह दोपहर करीब 3 बजे अपने 4-5 दोस्तों के साथ घूमने के लिए नदी किनारे गया था। दोस्तों में लड़के और लड़कियां दोनों शामिल थे। इसी दौरान आयुष अपने एक साथी के साथ नहाने के लिए नदी में उतरा, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका साथी बाहर निकल आया, जबकि आयुष पानी में ही लापता हो गया।

घटना के बाद घबराए दोस्तों ने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही मानगो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की गई। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आयुष का शव नदी से बाहर निकाला गया। प्राथमिक जांच में ही उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही आयुष के परिजन मौके पर पहुंचे। बेटे के शव को देखते ही माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आयुष सिदगोड़ा के एक स्कूल में कक्षा 7 का छात्र था और परिवार की इकलौती संतान था। देर शाम उसके एक दोस्त असमीत ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे। इस दुखद घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Tags - jamshedpur news fourteen year drowned in swernrekha jamshedpur khabar latest news jamshedpur