logo

विचार-विमर्श : रांची से प्रमुख शहरों की सीधी विमान सेवा, यात्री सुविधा और कार्गो का लोड बढ़ाने को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित

921.jpg

रांची :

रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से प्रमुख शहरों की सीधी विमान सेवा आरंभ करने के साथ ही कार्गो का लोड बढ़ाने का प्रयास हो रहा है। इसके लिए एएआई कार्गो लॉजिस्टिक्स एंड एलाइड सर्विसेस कंपनी लिमिटेड (कार्गो) व फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के संयुक्त तत्वावधान में चैंबर भवन में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन हुआ। बैठक में एयरपोर्ट निदेशक केएल अग्रवाल के अलावा कार्गो इंचार्ज निरूपम दास, डीजीएम ओपीएस जावेद अख्तर, एजीएम (एटीएम) इंद्रजीत कुमार के अलावा एयर एशिया, इंडिगो, गो-एयर, विस्तारा के अलावा अन्य एयरलाइंस कंपनी के कार्गो स्टेशन मैनेजर उपस्थित थे। चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने एयरपोर्ट से यात्री सुविधा, फ्लाईटों का परिचालन और कार्गो का लोड कैसे बढ़े इसके लिए एयरपोर्ट निदेशक को एक ज्ञापन भी सौंपा। एयरपोर्ट से कार्गो का लोड बढ़ाने के लिए सिटी कलेक्शन सेंटर खोलने, किसानों के लिए एक डेडीकेटेड हेल्पलाइन सेंटर चालू करने, एयरपोर्ट के पास कोल्ड स्टोरेज का निर्माण करने की बात चैंबर अध्यक्ष ने कही। साथ ही उन्होंने देवघर एयरपोर्ट से कोलकाता, पटना, दिल्ली सहित देश की अन्य राजधानी से जोड़ने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि विगत दस वर्षों में एयरपोर्ट से यात्रियों की संख्या में बेतहाशा बढ़ोत्तरी हुई है। आवश्यक है कि उसी अनुरूप सुविधाएं विकसित की जाएं। सह सचिव शैलेष अग्रवाल ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से जयपुर (वाया वाराणसी), रायपुर, जम्मू (वाया लखनउ), गोवा, गुवाहाटी (वाया बागडोगरा, सिलीगुडी) तक की सीधी विमान सेवा आरंभ करने, अहमदाबाद की फ्लाइट को प्रतिदिन परिचालित करने व प्रयोग के तौर पर बैंकॉक, सिंगापुर, दुबई व काठमांडू के लिए सीधी अंतरराष्ट्री विमान सेवा शुरू करने की मांग की।

देर रात में कोई विमान नहीं

चैंबर महासचिव डॉ. अभिषेक रामाधीन ने कहा कि प्रदेश के डेवलपमेंट के लिए राज्य के प्रत्येक जिले में एक एयरपोर्ट होना आवश्यक है। राज्य गठन हुए 22 वर्ष हो गए मगर अब तक अधिकांश जिले वेल कनेक्टेड नहीं हैं। चैंबर द्वारा एयरपोर्ट पर पार्किंग स्थल पर व्यवस्था में सुधार, यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट के एक्जिट गेट के बाहर ओपेन फूडकोर्ट की व्यवस्था करने, एयरपोर्ट पर लाउंज की व्यवस्था का भी आग्रह किया गया। सीविल एवियेशन उप समिति चेयरमेन दिनेश प्रसाद साहू एवं श्रवण राजगढिया ने संयुक्त रूप से एयरलाइसं कंपनियों को नाईट पार्किंग के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान में रांची से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता के लिए सुबह या देर रात्रि में कोई विमान उपलब्ध नहीं है। जिस कारण बहुराष्ट्रीय कंपनियों के उच्चाधिकारियों और अंतरराष्ट्रीय विमान पकड़ने वाले यात्रियों को असुविधा होती है।

कार्गो का रेट है काफी कम

एयरपोर्ट निदेशक केएल अग्रवाल ने मौके पर कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा नित्य प्रयास किए जा रहे हैं। कोल्ड स्टोरेज का निर्माण भी भावी योजनाओं में है। पार्किंग की समस्या के समाधान की भी पहल की जा रही है। एयरपोर्ट पर फ्लाइट की नाईट पार्किंग के लिए एयरलाइंस के आग्रह पर त्वरित कार्रवाई की जाती है। एयरपोर्ट पर खाने-पीने की सुविधा को सुव्यवस्थित करने के साथ ही उन्होंने यात्रियों की समस्या के त्वरित समाधान के लिए एयरपोर्ट पर उपलब्ध सुविधा से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पर किसी भी प्रकार की समस्या के लिए यात्री टर्मिनल मैनेजर और पीजी ऑफिसर से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने स्टेक होल्डर्स से एयरपोर्ट से कार्गो सुविधा का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की। कहा, यहां से कार्गों का रेट काफी कम है। सभा में उपस्थित सदस्यों ने एयरलाइंस मैनेजर से यह पूछा कि क्यों नहीं रांची एयरपोर्ट पर नाईट पार्किंग के लिए एयरलाइंस कंपनियां इच्छा जाहिर करती हैं। मौके पर ही कुछ एयरलाइसंस कंपनियों ने इस दिशा में प्रयास शुरू करने के लिए आश्वस्त किया। मौके पर झारखंड ट्रेवल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव पोद्दार ने भी अपने विचार साझा किए। कार्गो इंचार्ज निरूपम दास ने एयरपोर्ट से उपलब्ध कार्गो सेवाओं से अवगत कराते हुए कृषकों और स्टेक होल्डर्स से इस सुविधा का लाभ लेने की अपील की।