बोकारो:
Bokaro News: बोकारो रेलवे स्टेशन (Bokaro Railway Station) पर शुक्रवार सुबह चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करना 62 वर्षीय यात्री को भारी पड़ गया। संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन से नीचे गिर गए और उनकी मौत (Death) हो गई। मृतक की पहचान सुरेश कुमार (Suresh Kumar) के रूप में हुई है। वह परिवार के तीन अन्य सदस्यों के साथ गोंदिया से गया जा रहे थे। सभी यात्रियों का आरक्षण ट्रेन के एम-7 कोच में था।
.jpeg)
चाय-कॉफी लेने ट्रेन से नीचे उतरे थे सुरेश कुमार
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे ट्रेन बोकारो रेलवे स्टेशन पर रुकी थी। इसी दौरान सुरेश कुमार चाय-कॉफी लेने के लिए ट्रेन से नीचे उतरे थे। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी यात्रा कर रहे थे। इसी बीच ट्रेन चलने लगी। परिजनों के मुताबिक, ट्रेन को चलता देख सुरेश कुमार उसमें सवार होने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे चलती ट्रेन से नीचे गिर गए।
.jpeg)
ट्रेन से गिरने के बाद मौके पर हुई मौत
ट्रेन से गिरने के बाद सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बोकारो रेलवे स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। रेलवे कर्मचारियों की मदद से शव को स्ट्रेचर के जरिए घटनास्थल से हटाया गया।
.jpeg)
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना के बाद जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने पंचनामा समेत अन्य कागजी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने घटना से संबंधित जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।