नंदलाल तुरी
पाकुड़ नगर बस स्टैंड स्थित कई दुकानों में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने ताला काटकर चोरी का प्रयास किया। अधिकांश दुकानों से वे कोई सामान नहीं ले जा सके, लेकिन चाउमीन की एक दुकान से गैस सिलेंडर चोरी कर फरार हो गए। इस घटना से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही एएसआई अशोक पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने सभी दुकानों के कटे हुए ताले, शटर और अंदर की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रभावित दुकानदारों को थाने में लिखित आवेदन देने की सलाह दी है, ताकि आगे की कार्रवाई तेज की जा सके। पुलिस ने बताया कि इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। उधर, दुकानदारों ने रात में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
