द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा जिले के महगामा में सोमवार को दिनदहाड़े लूट की कोशिश से इलाके में हड़कंप मच गया। महगामा स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में अज्ञात बदमाशों ने घुसकर लूटपाट का प्रयास किया। हालांकि अपराधी बैंक से नकदी लूटने में सफल नहीं हो सके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाश अचानक बैंक परिसर में पहुंचे और कर्मचारियों व ग्राहकों को डराने की कोशिश की। इस दौरान करीब दो राउंड फायरिंग भी की गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। घटना के बाद बैंक के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
