द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत छतरमांडू गांव से 11 वर्षीय किशोर आदित्य के अपहरण की कोशिश करने वाले आरोपी सुधांशु रंजन को पुलिस ने गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया है। घटना बुधवार की है, जब आरोपी सुधांशु रंजन ने अपनी ग्रैंड विटारा कार में किशोर को जबरन बैठा लिया और उसे लेकर फरार होने लगा। रास्ते में किशोर के चिल्लाने पर आरोपी ने उसका गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी।
.jpeg)
बताया जाता है कि छतरमांडू से लोधमा जाने वाले रास्ते में बंद फुलवार मोड़ के पास जैसे ही कार की रफ्तार धीमी हुई, किशोर ने हिम्मत दिखाते हुए कार का दरवाजा खोला और बाहर छलांग लगा दी। इसके बाद वह दौड़कर पास के एक होटल में छिप गया और शोर मचाकर लोगों को बुला लिया। जब आसपास के लोग मौके पर जमा हुए तो आरोपी कार लेकर फरार हो गया।

बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में सुधांशु रंजन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि वह शराब के नशे में था और किशोर को पकड़कर ले जा रहा था। वहीं पीड़ित किशोर का कहना है कि आरोपी ने उसे धमकी दी थी कि वह उसकी किडनी निकालकर बेच देगा।