मेदिनीनगर:
मेदिनीनगर के बहुचर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड मामले में पलामू पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल और राकेश तिवारी के घर पर कुर्की-जब्ती की। कोर्ट के आदेश पर फरार आरोपियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने इस दौरान दोनों आरोपियों के घर से कई सामानों को जब्त किया। इस कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। SDPO राजेश यादव ने जानकारी दी है कि कोर्ट के आदेश पर आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल और राकेश तिवारी के घर पर कुर्की-जब्ती की है। आरोपियों पर दबाव बनाने के दृष्टिकोण से पुलिस की इस कार्रवाई को काफी अहम माना जा रहा है। गौरतलब है कि पुलिस, आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, लेकिन वे गिरफ्त से बाहर हैं। गौरतलब है कि मेदिनीनगर के जमीन कारोबारी विनीत तिवाररी का 25 अप्रैल को अपहरण कर लिया गया था। अगले दिन उनकी लाश मिली थी।

26 अप्रैल 2026 को मिली थी विनीत की लाश
गौरतलब है कि 25 अप्रैल 2026 को मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्रसे जमीन कारोबारी विनीत तिवारी का अपहरण किया गया था। अपहरण के अगले दिन 26 अप्रैल को सदर थानाक्षेत्र के जोरकट इलाके से उनका शव बरामद किया गया था। घटना के बाद से यह मामला जिले के बहुचर्चित आपराधिक मामलों में शामिल हो गया।

3 आरोपियों को पुलिस भेज चुकी है जेल
विनीत तिवारी अपहरण सह हत्याकांड में पलामू पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पिछले दिनों मामले के मुख्य आरोपितों में शामिल प्रशांत तिवारी को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया गया था। वहीं रौशन तिवारी ने पुलिस के समक्ष थाने में आत्मसमर्पण किया था। पुलिस इससे पहले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। हालांकि, प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल और राकेश तिवारी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं।
दोनों फरार आरोपियों के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के बाद पुलिस का शिकंजा और कस गया है। पुलिस का कहना है कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।