गढ़वा:
गढ़वा में टीचर पर जानलेवा हमला हुआ। हमले में शिक्षक के गले में गहरा जख्म हो गया है। मामला भवनाथपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत सिंदुरिया का जहां राजकीय मध्य विद्यालय बेलपहाड़ी में पदस्थापित सहायक अध्यापक सुनील साह की गला रेतकर हत्या करने का प्रयास किया गया। बताया जाता है कि सोमवार तड़के करीब ढाई बजे हमलावरों ने सुनील साहू पर हत्या के इरादे से जानलेवा हमला किया गया। सुनील साहू किसी तरह घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर जहां, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

मेदिनीनगर के गंगा अस्पताल में इलाज जारी
जानलेवा हमले में गंभीर रूप से जख्मी शिक्षक सुनील साह का इलाज मेदिनीनगर स्थित गंगा अस्पताल में किया जा रहा है। परिजनों ने बताया कि सुनील, सोमवार तड़के अर्श नाम की बस पकड़ने के लिए सड़क किनारे बने यात्री शेड में खड़े थे। इसी दौरान टाउनशिप की ओर से 2 बाइक पर 5 अज्ञात युवक आए और उन्हें जबरन धनीमंडरा रोड की ओर ले गये। परिजनों का दावा है कि हमलवरों ने पहले सुनील साह को जहर पिलाने का प्रयास किया और इसमें नाकाम होने पर धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया। हमले में सुनील साह के गले में गहरे जख्म हो गया और खून से उनकी शर्ट भींग गई। वह किसी तरह घर पहुंचे।

गांव के युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ
पुलिस ने संदेह के आधार पर गांव के ही एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पैसों के लेन-देन का विवाद सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस संबंध में थाना प्रभारी रजनी रजन ने कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घायल के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों द्वारा अभी थाने में आवेदन नहीं दिया गया है।