द फॉलोअप डेस्क
अरुणाचल प्रदेश के लोअर सुबनसिरी ज़िले का मोटरसाइकिल क्लब 'ज़िरो रॉयल एनफील्डर्स' (ZRE) असम में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचनाने का काम कर रहा है। क्लब ने सिवासागर ज़िले के नज़ीरा में 'सुकाफा राइडर्स मोटरसाइकिल क्लब' के ज़रिए ज़रूरी सामान दान किया है। मिली खबर के मुताबिक राहत सामग्री लेकर एक टाटा मोबाइल गाड़ी ज़िरो से निकली, जबकि ईटानगर से और सामान लेकर एक इसुज़ु ट्रक और दो निजी गाड़ियां रास्ते में इस काफिले में शामिल हो गईं, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों तक समय पर मदद पहुंचाई जा सके।
बता दें कि यह मिशन ZRE के मानवीय अभियान का दूसरा चरण था। 29 और 30 जुलाई को ज़िरो और ईटानगर में सामान इकट्ठा करने के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें वॉलंटियर्स ने पीने का पानी, फिनाइल, सैनिटरी पैड, कपड़े, तौलिए, चादरें, बर्तन, जूते-चप्पल, अंडरगारमेंट्स और रोज़मर्रा की दूसरी ज़रूरी चीज़ें इकट्ठा की।

दान का लगभग आधा हिस्सा असम के लोगों और मोटरसाइकिल क्लबों से आया
ZRE के प्रमुख नेंडिंग ओमो ने कहा कि हमारे ऑनलाइन राहत अभियान के दौरान मिले दान का लगभग आधा हिस्सा असम के लोगों और मोटरसाइकिल क्लबों से आया था। मुश्किल समय में उनकी दरियादिली ने हमें बहुत प्रभावित किया। जब असम में भयानक बाढ़ आती है, तो हमें लगता है कि उनके साथ खड़े होना हमारी नैतिक ज़िम्मेदारी है। यह अभियान आभार और भाईचारे को ज़ाहिर करने का हमारा एक छोटा सा प्रयास है।" ZRE के उप-प्रमुख हेज डुयु ने कहा कि मोटरसाइकिलिंग की भावना भौगोलिक और राजनीतिक सीमाओं से परे है।
उन्होंने कहा, "मोटरसाइकिलिंग हमेशा भाईचारे के बारे में रही है। भले ही मतभेद हो सकते हैं, लेकिन इंसानियत हमें हमेशा एक साथ लाती है। इस पहल के ज़रिए, हम असम के लोगों को यह भरोसा दिलाना चाहते थे कि अरुणाचल प्रदेश इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़ा है।"

खराब सड़कों के बावजूद राहत सामग्री खुद पहुंचाने का फैसला किया
जनरल-इन-कमांड डुयु डेलीयांग ने कहा कि क्लब ने खराब सड़कों के बावजूद राहत सामग्री खुद पहुंचाने का फैसला किया ताकि प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता दिखाई जा सके।
उन्होंने अभियान में योगदान देने के लिए कई राइडिंग क्लबों का भी शुक्रिया अदा किया, जिनमें रॉयल अरुणाचल राइडर्स, माउंटेन फोक्स, ईस्टर्न हिल राइडर्स, अरुणाचल राइडर्स कंसोर्टियम, अरुणाचल बुलेट क्लब, डिसेंट सोल्स और रॉयल गोरखा राइडर्स शामिल हैं। ओमो ने कहा कि राहत सामग्री सुकाफा राइडर्स मोटरसाइकिल क्लब को इसलिए सौंपी गई क्योंकि वे ज़मीनी स्तर पर राहत कार्यों में सक्रिय रूप से शामिल हैं और यह सुनिश्चित करने में सक्षम हैं कि मदद सबसे ज़रूरतमंद लोगों तक पहुंचे।
