द फॉलोअप डेस्क
हज का पाक सफर शुरू होने वाला है। हज 2023 में झारखंड के विभिन्न जिलों से 2423 हज यात्री जाएंगे। इस बार रांची से कोलकाता होते हुए मदीना जाना होगा। सीधी विमान सेवा उपलब्ध नहीं होने से यात्रियों को पहले पहले कोलकाता जाना होगा। वहां से विमान सेवा उपलब्ध होगी। इससे हज यात्रियों को अतिरिक्त खर्च और अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इसको लेकर झारखंड के पूर्व मंत्री व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने सरकार से मांग की है कि हज यात्रा के लिये जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ देना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि वह हज यात्रियों को रांची से कोलकाता जाने के लिए सरकारी स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराए।

बुजुर्गों की शारीरिक स्थिति है कमजोर
बंधु तिर्की ने कहा कि झारखंड से हज पर जाने वाली महिलाओं की संख्या भी अच्छी-खासी है। साथ ही बुजुर्गों की शारीरिक स्थिति भी कमजोर है। इसीलिए उनकी आर्थिक एवं शारीरिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्हें रांची से कोलकाता जाने के लिए सुविधाएं उपलब्ध करायी जानी चाहिए।

रांची से किया जाना था हज यात्रियों को रवाना
झारखंड के हज यात्रियों को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से ही उड़ान भरनी थी। मगर बाद में इसे कैंसिल कर दिया गया। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने 15 मई को इम्बार्केशन प्वाइंट को चेंज करने की ऑफिशियली सर्कुलर भी जारी कर दी। जिसमें कहा गया है कि रांची के इंबार्केशन प्वाइंट को कुछ कारण से कोलकाता इंबार्केशन प्वाइंट पर स्थानांतरित किया गया है। साथ ही रांची से उड़ान भरने वाले यात्रियों से कहा गया है कि वे 3,76,339 रुपए जमा करने होंगे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT