द फॉलोअप डेस्क
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा देवघर में होने वाले भाजपा के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। शुक्रवार को वे गिरिडीह के परिसदन में रुके, जहां उनकी पत्नी मीरा मुंडा भी उनके साथ मौजूद रही। इस दौरान उन्होंने भाजपा और झारखंड मुक्ति मोर्चा के बीच गठबंधन की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए स्पष्ट कहा कि फिलहाल ऐसी कोई संभावना नहीं है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि राजनीति में कभी भी कुछ भी संभव हो सकता है।
सरकार के विकास कार्यों पर सवाल पूछे जाने पर अर्जुन मुंडा ने कहा कि झारखंड सरकार को अभी कई महत्वपूर्ण कार्य करने बाकी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद जनता की कई अपेक्षाएँ रही हैं, जिन्हें वर्तमान सरकार को पूरा करना होगा। कुछ योजनाओं पर सरकार ने काम किया है, लेकिन उन्हें जमीन पर मजबूत तरीके से लागू करने की आवश्यकता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि विकास कार्यों में गति लाने और जनता को वास्तविक लाभ पहुँचाने के लिए सरकार को और अधिक गंभीर प्रयास करने होंगे।
