द फॉलोअप डेस्क
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा शनिवार को रांची स्थित हिल व्यू अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन से मुलाकात की। उन्होंने रूपी सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके इलाज से जुड़े डॉक्टरों से बातचीत कर स्थिति के बारे में जाना। मुलाकात के दौरान अर्जुन मुंडा ने रूपी सोरेन के जल्द स्वस्थ होने और लंबी उम्र की कामना की। उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन का राज्य के विकास और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के लंबे सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने उन्हें राज्य के लिए मां और अभिभावक के समान बताया। अर्जुन मुंडा ने उम्मीद जताई कि रूपी सोरेन जल्द पूरी तरह स्वस्थ होंगी और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अपने घर लौटेंगी।
