पोटका/पूर्वी सिंहभूम:
पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया के लगातार बढ़ते प्रकोप पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अब तक 4 मासूम बच्चों की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुखद एवं चिंताजनक है, जबकि अनेक मरीज अभी भी इस गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री आज सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने उपचाराधीन मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की।

सिविल सर्जन से पूर्व सीएम ने ली जानकारी
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने सिविल सर्जन के साथ विस्तृत चर्चा कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित एवं प्रभावी चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने, जांच एवं उपचार की व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा बचाव एवं जनजागरूकता अभियान को युद्धस्तर पर संचालित करने का निर्देश दिया।

स्वास्थ्यकर्मियों की तत्काल उपलब्धता की मांग
अर्जुन मुंडा ने राज्य सरकार से भी आग्रह किया कि इस गंभीर स्थिति को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधनों, पर्याप्त चिकित्सकीय सुविधाओं तथा स्वास्थ्यकर्मियों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि बीमारी पर शीघ्र प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके और लोगों को समय पर उपचार मिल सके।

मृतकों के परिजनों के प्रति जताई गई संवेदना
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में उनकी गहरी संवेदनाएं सभी शोकाकुल एवं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने दिवंगत बच्चों की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही ईश्वर से सभी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।