logo

अरगोड़ा की FL-15 शराब दुकान की निष्पक्ष जांच की मांग, शराब व्यापारी संघ ने उठाए कई सवाल

्ोोीह.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड शराब व्यापारी संघ ने रांची के अरगोड़ा चौक स्थित FL-15 शराब दुकान के संचालन को लेकर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। संघ के महासचिव सुबोध कुमार जायसवाल ने रांची जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए कहा है कि संबंधित दुकान के संचालन और लाइसेंस की शर्तों के अनुपालन की जांच आवश्यक है। उक्त दुकान की लाइसेंसधारी प्रीति रानी हैं। संघ का आरोप है कि संबंधित लाइसेंसधारी द्वारा एक ही क्षेत्र में दो स्थानों पर शराब दुकान संचालित किए जाने को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है। साथ ही दुकान परिसर के समीप स्थित सार्वजनिक आवागमन मार्ग को आंशिक रूप से टीन शेड लगाकर इस प्रकार प्रदर्शित किया गया है कि वह अलग परिसर का हिस्सा प्रतीत होता है। संघ का कहना है कि इससे दुकान के वास्तविक स्वरूप और संचालन को लेकर कई सवाल खड़े होते हैं, जिनकी जांच जरूरी है।


उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग
झारखंड शराब व्यापारी संघ ने रांची उपायुक्त और उत्पाद आयुक्त से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। संघ का कहना है कि स्थल निरीक्षण कर यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि दुकान का संचालन उत्पाद नियमावली और लाइसेंस की शर्तों के अनुरूप हो रहा है या नहीं। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।


समान नियम और अवैध कारोबार पर भी सख्ती की मांग
संघ ने कहा कि राज्य के सभी लाइसेंसधारियों के लिए एक समान नियम और मानक लागू होने चाहिए। किसी एक दुकान को विशेष छूट या अलग व्यवस्था मिलने से अन्य व्यापारियों के बीच असमानता की भावना पैदा होती है। इसके अलावा संघ ने रांची जिले में अवैध शराब की तस्करी और गैरकानूनी बिक्री पर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि अवैध कारोबार से वैध व्यापार प्रभावित हो रहा है और सरकार के राजस्व को भी नुकसान पहुंच रहा है। संघ ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन और उत्पाद विभाग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों को सार्वजनिक करेंगे तथा सभी लाइसेंसधारियों के लिए समान नियमों का पालन सुनिश्चित करेंगे।


 

Tags - Ranchi LiquorShop ExciseDepartment Jharkhand Investigation