logo

जैनामोड़-फुसरो सड़क के शिलान्यास को लेकर अनूप सिंह और सीपी चौधरी आमने-सामने

जैनामोड़-फुसरो सड़क के शिलान्यास को लेकर अनूप सिंह और सीपी चौधरी आमने-सामने

द फॉलोअप, रांची
बोकारो जिले के जैनामोड़-फुसरो सड़क के शिलान्यास को लेकर उस क्षेत्र के दो बड़े नेता आमने सामने हैं। कांग्रेस विधायक जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह सड़क के एक छोर पर शिलान्यास करते हैं तो दूसरे छोर पर आजसू पार्टी के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी। रविवार को इस सड़क निर्माण को लेकर दिलचस्प नजारा सामने आया। अनूप सिंह ने इस सड़क के एक छोर जैनामोड़ में शिलान्यास किया तो चंद्र प्रकाश चौधरी ने दूसरे छोर फुसरो में। हालांकि दोनों बड़े नेताओं द्वारा किए गए शिलान्यास में गजब की एक समानता दिखी। जैनामोड़ में लगाए गए शिलापट में सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी का नाम है तो फुसरो में लगाए गए शिलापट में भी विधायक अनूप सिंह का नाम लिखा गया है। यहां मालूम हो कि जैनामोड़ से फुसरो तक की 16 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण होना है। स्टेट हाई-वे अथॉरिटी ऑफ झारखंड (साज) के माध्यम से कराए जा रहे इस निर्माण कार्य पर लगभग 160 करोड़ खर्च होने का अनुमान है। इसका चार माह पूर्व टेंडर भी हो चुका है। लेकिन निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। अब शिलान्यास के बाद सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद जगी है।


बेवजह टांग अड़ा रहे सांसदः अनूप सिंह
अलग अलग शिलान्यास के सवाल पर विधायक अनूप सिंह का कहना है कि इस सड़क का निर्माण राज्य योजना से हो रहा है। सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी बेवजह टांग अड़ा रहे हैं। जैनामोड़ में लगाए गए शिलापट्ट पर सांसद का भी नाम दिया गया था, लेकिन वह कार्यक्रम में नहीं आए। यहां विभाग के इंजीनियर और अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। सांसद को भी शिलान्यास कार्यक्रम में बुलाया गया था। अनूप सिंह का कहना है कि इस सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण की अनुशंसा उन्होंने ही की थी।


राज्य सरकार और केंद्र से उन्होंने ही पहल की थीः चंद्र प्रकाश चौधरी
सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी का कहना है कि उन्होंने इस सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए कई बार राज्य सरकार और विभाग से पहल की थी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भी आग्रह किया था। उन्हें शनिवार को पता चला कि जैनामोड़ में सड़क निर्माण का शिलान्यास किया जा रहा है। इसके बाद उन्होंने विभाग से जानकारी ली। विभाग की ओर से बताया गया कि उसके द्वारा शिलान्यास नहीं कराया जा रहा है। इसके बाद उन्होंने अपने स्तर से फुसरो में शिलान्यास किया।


 

Tags - Jainamore-Phusro road construction foundation stone laying CP Choudhary Anup Singh face-off