द फॉलोअप डेस्क
धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र के पुराना स्टेशन यार्ड के समीप बीते शुक्रवार देर रात अज्ञात शरारती तत्वों के द्वारा एक जनरल स्टोर और एक होटल में आग लगा दी गई। इस भीषण आगजनी में दोनों दुकानों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया, जिससे दुकान संचालकों को भारी नुकसान हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में पांच लाख रुपये से अधिक की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है।.jpg)
जनरल स्टोर दुकान संचालक रेखा देवी और होटल चलाने वाले उनके पति दिलीप भगत ने पुलिस को बताया कि नष्ट हुए सामानों में राशन, किराना, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और अन्य सामग्री शामिल था। उन्होंने बताया कि ये दोनों दुकानें उनके परिवार की आजीविका का मुख्य स्रोत थीं, लेकिन इस घटना से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
दिलीप भगत और रेखा देवी ने पुलिस को यह भी बताया कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में नशेड़ियों का जमावड़ा हो रहा था, जिसका उन्होंने कई बार विरोध किया था। इसी वजह से उन्होंने आशंका जताई है कि नशेड़ियों ने ही उनकी दुकानों में आग लगा दी। घटना की सुचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है।