logo

नव नियुक्त केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा और संजय सेठ पहुंचे रांची,  बाबूलाल बोले- झारखंड को झामुमो, कांग्रेस राजद के लुटेरों से बचाना है

bjp29.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची 
मोदी कैबिनेट में मंत्री बनाये जाने के बाद पहली बार अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ रांची पहुंचे। शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में दोनों सांसदों स्वागत अभिनंदन हुआ। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने केंद्रीय मंत्रीमंडल में झारखंड से दो मंत्री को शामिल करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ केंद्रीय नेतृत्व का आभार प्रकट किया। मरांडी ने कहा की प्रदेश की जनता,कार्यकर्ता एवं समर्थकों में उत्साह है। यह सम्मान झारखंड की जनता का सम्मान है।

झारखंड की जनता राज्य की भ्रष्ट सरकार से ऊब चुकी है- बाबूलाल मरांडी 
बाबूलाल ने कहा कि इंडी एलायंस के द्वारा लगातार दुष्प्रचार और भ्रम फैलाए जाने के बावजूद जनता ने एनडीए गठबंधन पर भरोसा जताया। सर्वाधिक 9 सीट एनडीए को दिया। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों से राज्य की जनता भ्रष्ट निकम्मी सरकार से परेशान है। पानी बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए राज्य में हाहाकार मचा है। दूसरी ओर भारत सरकार द्वारा नल जल योजना के लिए भेजे गए करोड़ों रुपए भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव परिणाम से स्पष्ट है कि जनता राज्य की भ्रष्ट सरकार से ऊब चुकी है।

झारखंड में महिलाओं और बच्चों में व्याप्त कुपोषण से मुक्ति दिलाना प्राथमिकता- अन्नपूर्णा देवी 

केंद्रीय महिला बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व सहित कोडरमा की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वे जनता की सेवा और केंद्र सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में कोई कसर नहीं छोडूंगी। कहा कि झारखंड की सरकार राज्य में केंद्रीय योजनाओं को भटकाने में लगी रहती है। झारखंड में महिलाओं और बच्चों में व्याप्त कुपोषण से मुक्ति दिलाना उनकी प्राथमिकता में है। कहा कि झारखंड की चुनौतियां गंभीर है जिसे जन सहभागिता के बल पर केंद्र सरकार निपटेगी।

झारखंड की ठगबंधन सरकार विकास विरोधी सरकार है- संजय सेठ 
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि भाजपा राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करता है। 140 करोड़ देश वासी हमारा परिवार है। उन्होंने कहा कि आज देश में मोदी की गारंटी मतलब विकास की गारंटी है, भ्रष्टाचार मुक्त और सुशासन युक्त सरकार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने चुनाव के दौरान भी जनता को झूठ के वादों में फंसाया। भ्रमित किया बावजूद इसके जनता उनके झांसे में नहीं आई। उन्होंने कहा कि जनता को आज राज्य की सत्ता में शामिल कांग्रेस से खटाखट मिलने वाली राशि की मांग करनी चाहिए। कहा कि झारखंड की ठगबंधन सरकार विकास विरोधी सरकार है जिसने पिछली भाजपा सरकार की किसानों महिलाओं से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं को सत्ता में आते ही बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों से ज्यादा विकास कार्य मोदी सरकार 3.0 के 5 वर्षों  में धरातल पर उतरेगा। 

Tags - bjp jharkhandsanjay seth ministerbabulal marandi bjp hindi news