logo

अंजुमन इस्लामिया ने सीएम से की “द केरल स्टोरी” पर प्रतिबंध लगाने की मांग, कहा- ये फिल्म प्रोपेगंडा को दे रही बढ़ावा

0127.jpg

द फॉलोअप डेस्क
द केरल स्टोरी मूवी को लेकर देश भर में समर्थन व विरोध का दौर जारी है। भाजपा के नेता व उससे जुड़े संगठन लोगों को फिल्म देखने की अपील कर रहे हैं। दूसरी ओर विभिन्न पार्टियों के नेता इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में रांची अंजुमन इस्लामिया ने भी इस फिल्म को प्रतिबंधित करने की मांग की है। अंजुमन के लीगल सेल के कंवीनर शाहिद अख्तर उर्फ टुकलू व अंजुमन के महासचिव डॉ. तारिक हुसैन ने इस संबंध में सीएम हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर फिल्म 'द केरल स्टोरी" को झारखंड में प्रतिबंधित करने का अनुरोध किया है। पत्र में कहा कि यह फिल्म भाजपा के प्रोपेगंडा को बढ़ावा देती है। साथ ही साथ सामाजिक ताने-बाने को भी तहस-नहस कर रही है।

मुस्लिमों के खिलाफ नफरत करती है पैदा
पत्र में कहा गया है कि फिल्म झूठ से भरा हुआ है। मुस्लिम समुदाय को खराब तरीके से चित्रित किया गया है। विशेष रूप से यह फिल्म मुस्लिम युवाओं को बदनाम करती है। इस फिल्म में बताया गया है कि मुस्लिम युवक एक प्लान के तहत लड़कियों को प्यार के जाल में फंसाते हैं, उनका धर्म परिवर्तन करवाते हैं और उन्हें आतंकी संगठनों से जोड़ते हैं। दरअसल फिल्म के जरिये भाजपा का सेट ऐजेंडा लव-जिहाद, धर्म परिवर्तन और मुस्लिम आतंकवाद का खुल कर प्रदर्शित किया गया है। यह फिल्म लोगों के दिल में मुसलमानों के खिलाफ नफरत पैदा करती है। जिसका असर मुस्लिमों के जीवन और आजीविका पर पड़ सकता है। लोग फिल्म की भ्रामक घटना को ही सच मान रहे हैं और मुस्लमानों के प्रति नफरत बढ़ा रहे हैं। कहीं न कहीं यह फिल्म राज्य और देश में शांति को भंग करती नजर आ रही है।

फिल्म बैन करने की मांग कर चुके हैं इरफान
द केरल स्टोरी पर पश्चिम बंगाल की तर्ज पर बैन लगाने की मांग जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने सीएम हेमंत सोरेन से बीते दिनों कर चुके हैं। इस संबंध में उन्होंने सीएम को पत्र लिख कर कहा था जानबूझकर भाजपा चुनाव से पहले इस तरह की मूवी रिलीज कर लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है। इससे पहले द कश्मीर फाइल्स भी चुनाव से पहले रिलीज कर लोगों को बांटने का काम कर चुकी है। जिस प्रकार मूवी में कथित तौर पर केरल की हजारों लड़कियों की कहानी बता कर उनका ब्रेनवाश कर पहले धर्म परिवर्तन और फिर ISIS आतंकी बनाना दिखाया गया है, वो सरासर गलत है। केरल हाईकोर्ट ने कहानी के आंकड़ों को गलत ठहराया है।

बंगाल सरकार ने फिल्म को किया है बैन
द केरल स्टोरी को पश्चिम बंगाल में बीते दिनों बैन कर दिया गया है। इसको लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि फिल्म की स्क्रीनिंग हुई तो राज्य की शांति-व्यवस्था खराब हो सकती है। उन्होंने मुख्य सचिव को दिए आदेश में कहा है कि अगर कोई आदेश का उल्लंघन करते दिखे तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं, सरकार की ओर से जारी आदेश में भी यही कहा गया है कि अगर किसी थिएटर में फिल्म चल रही हो तो उसे तत्काल हटा लें। बताते चलें कि तमिलनाडु में थिएटर्स मालिकों ने फिल्म की स्क्रीनिंग रोक दी है। दूसरी ओर एमपी और यूपी में इस फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया गया है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT