logo

दिल्ली से कांग्रेस के नाराज विधायक आज शाम लौटेंगे रांची, इस नेता ने की तस्दीक 

cong21.jpeg

रांची 

कांग्रेस सभी नाराज 8 विधायक आज शाम तक दिल्ली से रांची पहुंच जायेंगे। मिली खबरों के मुताबिक सभी विधायक आज शाम 7 बजे इंडिगो की फ्लाइट से रांची लौट रहे हैं। इस बात की तस्दीक कांग्रेस के जामताड़ा से विधायक इरफान अंसारी की है। अंसारी ने कहा कि दिल्ली में केसी वेणुगोपाल और उमंग सिंघार से विधायकों की सकारात्मक बातचीत हुई है। मिली खबरों में नाराज कांग्रेस विधायकों के दिल्ली से लौटने के बाद चंपाई कैबिनेट में बदलाव के संकेत हैं। हालांकि अंतिम तौर पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है।  

कांग्रेस के 12 विधायक हैं नाराज 

आज सुबह से ही चर्चा थी कि झारखंड के नाराज कांग्रेस विधायक अब दिल्ली से रांची लौटने की तैयारी में हैं। प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद पार्टी के 12 विधायक नाराज चल रहे थे। उनमें से 8 विधायक अपनी नाराजगी जाहिर करने दिल्ली पहुंचे थे, जहां उन लोगों ने कांग्रेस के आलाकमान और राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की। कांग्रेस के विधायक 72 घंटे से दिल्ली में डटे हुए थे तब जाकर केसी वेणुगोपाल ने विधायकों से एक-एक कर मुलाकात की। बुधवार को भी कुछ विधायकों की मुलाकात आलाकमान से हुई है। जिसमें सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा, खिजरी विधायक राजेश कच्छप, जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू शामिल हैं। 

क्या है विधायकों की मांगें 

नाराज कांग्रेस विधायकों की तरफ से कई मांगें रखी गई हैं। जिसमें एक मांग यह भी है चारों कांग्रेस कोटे के मंत्रियों का चेहरा बदला जाना चाहिए। साथ ही वन मैन वन पोस्ट की मांग पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही 12वां मंत्री कांग्रेस कोटे का हो। जानकारी मिली है कि इन विधायकों की मांग को केसी वेणुगोपाल ने गंभीरता से सुना है। मंत्रिमंडल में बड़े फेरबदल संकेत भी आलाकमान की तरफ से विधायकों को मिला है। केसी वेणुगोपाल ने विधायकों को आश्वासन भी दिया कि आलाकमान की नजर पूरे प्रकरण पर है। विधायकों से कहा अपनी मांग रखें, लेकिन पार्टी का सम्मान करें। बता दें कि कल ही खबर आई थी कि केसी वेणुगोपाल से जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी, बरही उमाशंकर अकेला और बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद ने मुलाकात की थी। इससे पहले विधायकों ने मध्यप्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से मुलाकात की और अपनी बातें रखी। 

 

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -

https://chat.whatsapp.com/H6JHUZV9z0LIcfjbcYlVDn