logo

झारखंड के इन 13 जिलों में आंधी-तूफान, बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट

a1030.jpg

रांची:

झारखंड के 13 जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने धनबाद, बोकारो, देवघर, दुमका, गोड्डा, गिरिडीह, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला में भारी बारिश, तूफान और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में अधिकतम 60 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से हवा चलेगी।

 रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने रांची, खूंटी, गुमला, हजारीबाग, रामगढ, लोहरदगा, कोडरमा, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में अधिकतम 50 किमी प्रति घंटा की स्पीड से हवा चलने की संभावना जताई है। इन जिलों में तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश का येलो अलर्ट है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले एक हफ्ते तक कई जिलों में ऐसा ही मौसम रहेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि रांची और इसके आसपास के जिलों में 6 और 7 जून को भारी बारिश की संभावना है। 

शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाया
रांची में शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहे, देर शाम को गरज के साथ बारिश का अनुमान है। रांची का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान  25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 6 और 7 जून को रांची और इसके आसपास के जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। 

पाकुड़िया में सर्वाधिक 80 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे में पाकुड़ जिले के पाकुड़िया में सर्वाधिक 80 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। नवाडीह, पुटकी, बोकारो थर्मल, गोविंदपुर और रामगढ़ समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने अपील की है कि लोग आंधी तूफान के दौरान  खुले स्थानों पर ना जाएं। पेड़ या बिजली के खंभे के पास खड़े ना हों। बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल ना करें। 

Tags - Jharkhand Orange AlertJharkhand Weather ForecastJharkhand WeatherJharkhand