द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले में एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां जिले के हुसैनाबाद में बिच्छू के डंक मारने के बाद ग्रामीण डॉक्टर की लापरवाही से एक मासूम बच्चे की मौत हो गयी। मृतक बच्चे का नाम सचिन कुमार बताया जा रहा है। वहीं डॉक्टर पर यह भी आरोप लगाया गया है कि उन्होंने बच्चे के परिजनों को 3 घंटे तक क्लिनिक में बंधक बनाकर रखा।.jpeg)
मिली जानकारी के अनुसार बिच्छू के डंक मारने के बाद सचिन दर्द से परेशान होने लगा, जिसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में जपला हैदरनगर रोड स्थित खुशबू क्लिनिक डॉक्टर पंकज कुमार के पास पहुंचे। परिजनों ने बताया कि डॉक्टर ने सचिन की स्थिति देखने के बाद उसे तीन इंजेक्शन लगाये। लेकिन इंजेक्शन लगने के बाद बच्चे को और तेज बुखार आ गया। काफी देर तक उसका बुखार नहीं उतरा और फिर शरीर अचानक ठंडा पड़ गया। जब काफी देर तक बच्चे ने कोई हलचल नहीं की तो परिजनों ने डॉक्टर से बच्चे को बाहर लाने को कहा, लेकिन डॉक्टर दबंगई दिखाते हुए पैसा की मांग करने लगा।
परिजनों ने आगे बताया कि इसके बाद डॉक्टर धमकी देने लगा और कहने लगा कि पैसे नहीं दिए तो बाहर नहीं जाने दिया जायेगा। इसके बाद डॉक्टर ने परिजनों को भी 3 घंटे तक क्लिनिक के अंदर बंधक बनाकर रखा। अंत में जब एक व्यक्ति के द्वारा ऑनलाइन डॉक्टर को पैसे भेजे गए, तब जाकर डॉक्टर ने सभी को छोड़ा। जिसके बाद परिजन क्लिनिक से निकलते ही बेहतर इलाज के लिए उसे मेदिनीनगर सदर अस्पताल पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। .jpeg)
मामले को लेकर परिजनों ने आरोप लगाया है कि डॉक्टर ने बच्चे का गलत इलाज किया और साथ ही 3 घंटे बंधक बनाये रखा। जिससे बच्चे को सही समय पर बेहतर इलाज नहीं मिल सका और उसकी मौत हो गई। इस मामले में मृतक के पिता ने डॉक्टर के खिलाफ थाने में आवेदन दिया है।