द फॉलोअप डेस्क, रांची:
JSSC-JPSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ जारी छात्र आंदोलन के बीच सत्ताधारी कांग्रेस के विधायक कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह ने बड़ा बयान दिया है। विधायक दल की बैठक के बाद अनूप सिंह ने जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री आवास में भी छापा मारना पड़े तो वह भी करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के अंदर या बाहर, जो भी लोग इस गड़बड़ी में शामिल हैं, उन सबके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इससे पहले कहा था कि अब सवाल केवल समस्या को सुनने का नहीं, बल्कि उसका ठोस समाधान तलाशने का है। सूत्रो से मिली जानकारी के मुताबिक, आंदोलनरत छात्रों से वार्ता करने के लिए सरकार ने एक 4 सदस्यीय कमिटी बनाने का फैसला किया है, जिनमें मंत्री होंगे।

प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन लोग होगा शामिल
अनूप सिंह ने जानकारी दी है कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों से वार्ता करने के लिए एक प्रतिनिधिमंडल का गठन किया गया है, जिसमें सभी दलों के विधायक शामिल होंगे। इस प्रतिनिधिमंडल में सभी विभाग के सचिव भी मौजूद रहेंगे। छात्रों द्वारा यह जानकारी दी गई है कि उनकी तिरंगा यात्रा के बाद कभी भी बातचीत हो सकती है। इससे पहले सरकार ने आज SDO और ADM लॉ-ऑर्डर को छात्रों से वार्ता करने के लिए भेजा था।
छात्रों की ओर से कहा गया है कि बातचीत धरनास्थल पर मीडिया की मौजूदगी में होगी। आंदोलनरत छात्र, बंद कमरे में सरकार से बातचीत के लिए तैयार नहीं हैं।