logo

दारू है? पूछा और मार दी गोली,  साहिबगंज में आदिवासी युवक की निर्मम हत्या; जांच जारी

a982.jpg

साहिबगंज:

साहिबगंज में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय जलका उर्फ सीताराम हेम्ब्रम के रूप में हुई है। हत्या का आरोप जेठा हेम्ब्रम नाम के व्यक्ति पर लगा है। पूरा मामला साहिबगंज जिला के बरहेट थानाक्षेत्र अंतर्गत छोटा उदाली गांव स्थित चांदू टोला की है। प्रथम दृष्टया जमीन विवाद में  हत्याकांड की आशंका जताई गई है। घटना की असली वजह छानबीन से ही स्पष्ट होगी। वारदात, गुरुवार की देर रात को 9 बजे हुई है। आरोप है कि पुलिस घटनास्थल पर 1 बजे पहुंची। 

पुलिस ने मृतक जलका हेम्ब्रम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। 

जेठा हेम्ब्रम नाम के शख्स पर लगा आरोप
मृतक जलका उर्फ सीताराम हेम्ब्रम की पत्नी मिरु मरांडी ने पुलिस को जानकारी दी है कि जेठा हेम्ब्रम नाम के व्यक्ति ने उसके पति को गोली मार दी। घटनाक्रम की जानकारी देते हुए मिरु मरांडी ने बताया कि देर शाम जेठा उसके घर पहुंचा और पूछा कि शराब है कि नहीं। मिरु मरांडी का दावा है कि जेठा हेम्ब्रम ने शराब नहीं देने पर दंपति को मार डालने की धमकी दी। जब दंपति ने कहा कि शराब नहीं है तो जेठा हेम्ब्रम ने उनके पति जलका को नजदीक से गोली मार दी। गोली लगते ही जलका वहीं गिर पड़ा। 

3 महीने पहले दी थी जान से मारने की धमकी
मिरु मरांडी ने कहा कि जेठा हेम्ब्रम ने 3 महीने पहले भी दंपति को जान से मारने की धमकी दी थी। जलका की मौत के बाद पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुट गई है। 
 

Tags - Sahibganj Sahibganj UpdateJharkhand NewsCrime NewsMurder