द फॉलोअप डेस्क
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के रांची आने के समय में बार बार बदलाव हो रहा है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अब तक उनके रांची दौरे के कार्यक्रम में तीन बार बदलाव कर चुका है। जानकारी के अनुसार पहले झारखंड सरकार को सूचना दी गयी कि गृहमंत्री बुधवार की शाम पांच बजे रांची पहुंचेंगे। फिर उसे संशोधित करते हुए शाम छह बजे किया गया। उसके बाद फिर अमित शाह के आने का समय शाम साढ़े सात बजे बताया गया है। राज्य सरकार और रांची जिला प्रशासन अमित शाह सहित अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री व सीनियर अधिकारियों के आने को लेकर पूरी तैयारी में जुटा हुआ है। तैयारी को अंतिम रूप देने में लगा है। उल्लेखनीय है कि 10 जुलाई को होटल रेडिशन ब्लू में दिन के 11 बजे से पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक बुलायी गयी है। इसमें अब तक की आधिकारिक सूचना के अनुसार उड़ीसा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पश्चिम बंगाल की मंत्री चंद्रिका भट्टाचार्य भाग लेंगी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नहीं आ रही हैं। इसके अलावा तीनों राज्यों के मुख्य सचिव और डीजीपी भी बैठक में शामिल होंगे। इसके अलावा झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अलका तिवारी, डीजीपी अनुराग गुप्ता के अलावा कई विभागीय सचिव भी बैठक में शामिल होंगे।

बिहार और पश्चिम बंगाल के साथ विवादित मुद्दों को सुलझाने की भी मांग होगी
कोयला कंपनियों पर बकाये के अलावा झारखंड सरकार द्वारा पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में कई विषयों को गंभीरता से उठाये जाने की संभावना है। कोयला कंपनियों पर बकाये लगभग 1.36 लाख करोड़ के भुगतान पर झारखंड विशेष जोर देगा। इसके अलावा बिहार के साथ होटल अशोक सहित अन्य कंपनियों और फैक्ट्रियों का स्वामित्व अविलंब झारखंड को सौंप देने की मांग की जाएगी। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत केंद्र पर बकाया लगभग छह हजार करोड़ के भुगतान की भी मांग उठेगी। मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के पैसे की भी मांग झारखंड करेगा। इसके अलावा झारखंड उग्रवाद प्रभावित जिलों की संख्या को 18 से घटा कर 14 किए जाने से होनेवाले नुकसान की भरपाई की भी मांग करेगा। बैठक में झारखंड द्वारा पश्चिम बंगाल के साथ विवादित मुद्दों को सुलझाने की भी मांग होगी।

अमित शाह पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे
जानकारी के अनुसार अमित शाह बुधवार को रांची पहुंचने के बाद होटल रेडिशन ब्लू में ठहरेंगे। वहां वह बुधवार की रात और गुरुवार की सुबह प्रदेश भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे। प्रदेश में पार्टी और सरकार के बारे में जानकारी लेंगे। कुछ दिशा निर्देश भी देंगे।
