द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा के अमित कुमार UAE में फंसे हुए हैं। वे 25 फरवरी को दुबई से अमीरात घूमने के लिए गए थे। 28 फरवरी को अबू धाबी से कोलकाता वापसी की एयर अरबिया की फ्लाइट लेनी थी, लेकिन मध्य-पूर्व में अचानक बढ़ते तनाव और मिसाइल हमलों के कारण सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं हैं। सभी एयरबेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। अमित कुमार ने फोन पर बताया कि ईरान द्वारा मिसाइल और ड्रोन हमलों के चलते UAE ने अपने हवाई क्षेत्र को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया है। दुबई और अबू धाबी के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों से सभी उड़ानों को रोक दिया गया है। इस कारण अबू धाबी से कोलकाता के लिए उनकी फ्लाइट भी रद्द हो गई। यात्रियों को एयरलाइंस द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था या टिकट रिफंड की सलाह दी जा रही है।

अमित ने कहा कि फिलहाल भय का माहौल है, लेकिन सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रखा गया है। उड़ानों के ठप होने से अमित कुमार समेत सैकड़ों भारतीय और विदेशी सैलानी UAE में रुकने के लिए मजबूर हैं जब तक हवाई सेवाएं सामान्य नहीं हो जातीं। अधिकारियों ने सुरक्षा स्थितियों के आधार पर उड़ानों की स्थिति पर जल्द अपडेट देने का आश्वासन दिया है। अमित कुमार ने भारत सरकार से जल्द मदद की गुहार लगाई है ताकि वह सुरक्षित रूप से भारत लौट सकें।