द फॉलोअप डेस्क
भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लिखे पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र 22वें दिन भी अपना आंदोलन जारी रखे हुए हैं। राहुल गांधी उनके समर्थन में झारखंड तो नहीं आए, लेकिन आज उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र जरूर लिखा है। अमर बाउरी ने कहा कि राहुल गांधी ने अपने पत्र में देश की शिक्षा व्यवस्था की बिगड़ी हुई हालत के लिए भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस को जिम्मेदार ठहराया है।

शिक्षा व्यवस्था को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
अमर कुमार बाउरी ने कहा कि आजादी के बाद से देश की शिक्षा व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी कांग्रेस पार्टी की रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने न सिर्फ भारत के आत्मविश्वास को तोड़ने का प्रयास किया, बल्कि देश का इतिहास बदलने की भी कोशिश की। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि देश आज लगातार आगे बढ़ रहा है, लेकिन यह बात कांग्रेस को पसंद नहीं आ रही है। उन्होंने राहुल गांधी के शिक्षा व्यवस्था से जुड़े आरोपों पर कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए।

बोले- छात्रों को सरकार से अब भी उम्मीद
अमर बाउरी ने कहा कि 22 दिनों से आंदोलन कर रहे छात्र आज भी सरकार से उम्मीद लगाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं और अब सभी की नजर सरकार के रुख पर है। सरकार छात्रों के प्रति कितनी संजीदगी दिखाती है, इसका इंतजार छात्र ही नहीं, बल्कि पूरा झारखंड कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब देखना होगा कि सरकार छात्रों की मांगों और लंबे समय से जारी आंदोलन को लेकर क्या कदम उठाती है।