logo

आज शाम हैदराबाद से रांची लौट आएंगे महागठबंधन के विधायक, फ्लोर टेस्ट को लेकर बनी रणनीति

पब्ीो2.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
हैदराबाद के रिजॉर्ट में मौजूद महागठबंधन के 36 विधायक आज झारखंड लौटेंगे। ऐसे में झारखंड आने से पहले रिजॉर्ट में ही फ्लोर टेस्ट को लेकर रणनीति बन गई है। जानकारी के मुताबिक रविवार शाम 6 बजे तक विधायक हैदराबाद से झारखंड लौटेंगे और कल चंपई सोरेन सरकार का फ्लोर टेस्ट होगा जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल होंगे। उधर कांग्रेस ने भी बहुमत होने का दावा किया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, 81 सीटों वाली विधानसभा में हमारे पास बहुमत है। हम फ्लोर टेस्ट जीतेंगे। 


सीधा सर्किट हाउस जाएंगे विधायक 
महागठबंधन के विधायक रविवार की दोपहर हैदराबाद से रांची के लिए रवाना होंगे। सभी 36 विधायक और अन्य नेता चार्टर प्लेन से रांची पहुंचेंगे। रांची में सभी को सीधे सर्किट हाउस लाया जाएगा। यहां भी विधायकों को सुरक्षा में रखा जाएगा। सोमवार को झारखंड विधानसभा के सत्र से पहले 10 बजे सभी विधायकों को विधानसभा ले जाया जाएगा, जहां वे नवनियुक्त सरकार का बहुमत साबित करने के लिए मतदान करेंगे। फ्लोर टेस्ट के बाद ही विधायकों को छोड़ा जाएगा। फ्लोर टेस्ट के लिए भी खास तैयारियां की गई हैं। इन तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज मुख्य सचिव की अध्यक्षता में अहम् बैठक बुलाई गई है।


कल है विशेष सत्र 
बता दें कि झारखंड में हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद चंपई सोरेन ने नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। चंपई सोरेन ने राज्यपाल को 43 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा था। राज्यपाल ने नए मुख्यमंत्री को 10 दिनों के अंदर विश्वासमत साबित करने के लिए 10 दिनों का समय दिया था। चंपई की शपथ के बाद ही सत्तारूढ़ गठबंधन के 36 विधायक चार्टर्ड प्लैन से हैदराबाद के लिए रवाना हो गए थे। चंपई सोरेन को विश्वासमत साबित करने के लिए झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय स्पेशल सत्र 5 फरवरी यानी कल बुलाया गया है, जिसको देखते हुए सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायक आज शाम करीब छह बजे रांची पहुंच जाएंगे. उन्हें रांची के सर्किट हाउस में रोका जाएगा, जिसके बाद कल बस से सीधे विधानसभा लाया जाएगा