रांची
पासवा के नेतृत्व में गठबंधन की ओर से कांग्रेस, झामुमो एवं राजद के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। रांची के बरियातू स्थित विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव के आवास पर शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर माल्यार्पण किया गया तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। शोक सभा की अध्यक्षता करते हुए डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि जब सुदिव्य कुमार सोनू विधायक थे, तब वे बहुत ही तार्किक ढंग से अपनी बात विधानसभा के अंदर रखते थे। वे सवाल पूछते थे और अगर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता था तो शांत स्वभाव से अपनी बात सदन के अंदर रखते थे। उन्होंने कहा कि वे कई बार उन्हें बाहर आशीर्वाद देते थे और कहते थे कि आपको बहुत आगे जाना है। लेकिन जब वे मंत्री बने, तब उन्होंने अपनी क्षमता का अद्भुत प्रदर्शन किया। उनका कार्यकाल काफी अच्छा रहा। ऐसे व्यक्ति का हमारे बीच से असमय चले जाना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि राज्य को अभी उनकी जरूरत थी और सरकार के संकटमोचन के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। ऐसे व्यक्ति का चले जाना राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है।
.jpeg)
सहज और जनसरोकार से जुड़े हुए नेता
पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि 6 जुलाई को खेलगांव में आयोजित छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह में सुदिव्य कुमार सोनू उपस्थित हुए थे। उस दौरान उन्होंने कहा था, "आलोक जी, मैंने छात्रों का इतना बड़ा सैलाब कभी नहीं देखा। मैं आपको धन्यवाद देता हूं कि आप इतने बड़े पैमाने पर बच्चों को सम्मानित करते हैं।" आलोक कुमार दूबे ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के पास उच्च शिक्षा एवं पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण विभाग थे। दोनों ही विभाग मजबूत और महत्वपूर्ण फैसलों का इंतजार कर रहे थे, जिसे उन्होंने अपनी कार्यशैली और क्षमता से पूरा किया। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू जैसे महान व्यक्तित्व का हमारे बीच से चले जाना अभी भी विश्वास नहीं हो पाता है। उनका निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। वरिष्ठ झामुमो नेता अंतु तिर्की ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू एक संवेदनशील, सहज और जनसरोकार से जुड़े हुए नेता थे। उन्होंने संगठन और सरकार में रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन किया। उनके निधन से झामुमो सहित पूरे राजनीतिक एवं सामाजिक जगत को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू की कार्यशैली और लोगों के प्रति उनका व्यवहार हमेशा याद किया जाएगा।

गठबंधन परिवार के लिए भी एक बड़ी क्षति
राजद के प्रदेश प्रवक्ता मनोज कुमार ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन गठबंधन परिवार के लिए भी एक बड़ी क्षति है। वे अपनी स्पष्ट सोच, सहज व्यवहार और जनहित के मुद्दों के प्रति गंभीरता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने कहा कि उनका असमय निधन समाज और राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार तथा समर्थकों को इस दुख को सहने की शक्ति दें। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू ने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा जनहित को प्राथमिकता दी। विधायक से लेकर मंत्री तक उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि उनका असमय निधन राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। उनके विचार, कार्य और लोगों से जुड़ाव लंबे समय तक याद किए जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का व्यक्तित्व बहुआयामी था। वे गंभीर विषयों पर अपनी स्पष्ट राय रखते थे और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाते थे। मंत्री के रूप में भी उन्होंने अपनी कार्यक्षमता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि उनका जाना झारखंड के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में एक बड़ी रिक्तता पैदा कर गया है। शोक सभा में फलक फातिमा, कुमुद रंजन, डॉ. सुषमा केरकेट्टा, ऐश्वर्या सिंह, ॠचा, अंकिता सिंह, अनुभव शंकर, ऋषु राज, अंजली कुमारी, स्वाति कुमारी, बुलबुल कुमारी, विक्रांत सहाय, आरजू शबा, अजहर सहित कांग्रेस, झामुमो एवं राजद के कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।