logo

फॉर्म-7 के दुरुपयोग का आरोप, INDIA गठबंधन ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से की शिकायत

indiajmm.jpg

द फॉलोअप डेस्क,रांची: 

झारखंड में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर सियासत तेज हो गई है। INDIA गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में लिखित शिकायत भी सौंपी।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के महासचिव विनोद पांडेय ने आरोप लगाया कि कई बूथों पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता फॉर्म-7 के माध्यम से मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गठबंधन की मांग है कि कोई पात्र मतदाता सूची से न छूटे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो।

भाजपा के थैले में फॉर्म-7 के 259 आवेदन पाए गए

विनोद पांडेय ने एक मामले का हवाला देते हुए कहा कि एक प्रखंड में चुनाव के दौरान इस्तेमाल होने वाले भाजपा के थैले में फॉर्म-7 के 259 आवेदन पाए गए। आरोप है कि इन आवेदनों को स्वीकृत करने के लिए BLO पर दबाव बनाया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने के बाद JMM कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने विरोध किया।

उन्होंने दावा किया कि मामले में कानूनी कार्रवाई के लिए केस भी दर्ज हुआ है और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की शिकायतें केवल एक इलाके तक सीमित नहीं हैं। गठबंधन ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के सामने पूरे मामले को रखा है और मांग की है कि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच हो।

JMM महासचिव ने बताया कि वह जल्द ही साहिबगंज, राजमहल समेत कई जिलों का दौरा करेंगे। संबंधित जिलों के उपायुक्तों से भी इस विषय पर बातचीत की गई है। उन्होंने कहा कि JMM और INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों के कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची की प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन या BLO पर दबाव डालने जैसी स्थिति सामने आती है, तो गठबंधन कानूनी रास्ता अपनाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी K Ravi क्या बोले?

INDIA गठबंधन के डेलिगेशन के ज्ञापन सौंपने के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि SAR प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है। किसी का नाम छिपकर या गुप्त तरीके से काटे जाने की बात गलत है। उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि पात्र मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं। किसी व्यक्ति के नाम पर आपत्ति है तो फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है, जबकि किसी प्रकार की त्रुटि में सुधार के लिए फॉर्म-8 जमा किया जा सकता है। इसके लिए 10 सितंबर तक का समय निर्धारित है।

Tags - INDIA Alliance Student Movement Jharkhand Avinash Kumar Political Delegation