द फॉलोअप डेस्क
चतरा के राज्य संपोषित बालिका उच्च विद्यालय में मंगलवार को हिजाब पहनकर स्कूल पहुंचीं मुस्लिम छात्राओं को कक्षा में प्रवेश नहीं देने पर विवाद खड़ा हो गया। हिंदुस्तान में छपी खबर के अनुसार छात्राओं ने आरोप लगाया कि शिक्षकों ने उनके साथ मारपीट की और विद्यालय से बाहर करने की धमकी भी दी। घटना के बाद छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ सदर अस्पताल पहुंचीं। अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। हालांकि जांच करने वाली चिकित्सक डॉ. प्राची ने बताया कि किसी छात्रा के शरीर पर मारपीट के निशान नहीं मिले हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर अनुंडल पदाधिकारी जहूर आलम, जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश मिश्रा और थाना प्रभारी विपिन कुमार अस्पताल पहुंचे और छात्राओं की शिकायतें सुनीं। छात्राओं ने आरोप लगाया कि स्कूल में हिजाब पहनने पर उन्हें कार्यक्रमों में हिस्सा नहीं लेने दिया जाता और विरोध करने पर डराया जाता है। उन्होंने शिक्षिका सीमा कुमारी, फालो कुमारी और शिक्षक रवींद्र कुमार पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
एसडीओ ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी। वहीं विद्यालय की प्रधानध्यापिका नीतू कुमारी प्रजापति ने छात्राओं के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि स्कूल का ड्रेस कोड सभी छात्राओं के लिए अनिवार्य है। कक्षा में हिजाब और बुर्का उतारने की बात कही गयी थी, जिसे कुछ छात्राएं गलत तरीके से पेश कर रही हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश मिश्रा ने कहा कि वे विद्यालय का लगातार निरीक्षण करते रहे हैं, लेकिन इससे पहले किसी भी छात्रा ने ऐसी कोई शिकायत नहीं की थी।
