द फॉलोअप डेस्क
राज्य के सभी सहियाओं की कार्य कुशलता को बढ़ाने व उन्हें और सक्षम बनाने के लिए विभाग योजना बना रही है। राज्य में कुल 42464 सहिया हैं। जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों में 39964 और शहरी क्षेत्र में 2500 सहिया हैं। इनको अब स्वास्थ्य विभाग की ओर से टैब दी जाएगी। दरअसल गुरुवार को अपर मुख्य सचिव (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) ने समीक्षात्मक बैठक के दौरान कहा कि स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से आने वाले दिनों में सहियाओं को टैब मुहैया कराया जाएगा। जिससे उन्हें कार्य करने में आसानी होगी। सहियाओं के कार्य, उनके सम्मान एवं उनके अलग पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सहिया बंडी भी दी जाएगी। सहियाओं के कार्यों के मुल्यांकन एवं उनके कार्यों को गति प्रदान करने के लिए एक सहिया ऐप का भी निर्माण किया जा रहा है। जिसके तहत उनके कार्यों का मूल्यांकन एवं दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि की निगरानी की जा सके तथा प्रोत्साहन राशि समय पर मिल सके।

सहिया सम्मेलन का किया जाएगा आयोजन
सहियाओं को प्रोत्साहित करने के लिए जिला स्तर पर सभी जिलों में सहिया सम्मलेन का आयोजन किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन करने वाली सहिया को सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया जाएगा। सहियाओं को उनके कार्यों के प्रति और सशक्त बनाना इसका मुख्य उद्देश्य है। इससे सहियाओं को अपने कार्य के प्रति रूचि बढ़ेगी साथ ही उन्हें नए अवसर भी प्राप्त हो सकेंगे। मालूम हो कि सहिया विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT