द फॉलोअप डेस्क
अखिल भारतीय जायसवाल (सर्ववर्गीय) महासभा के तत्वावधान में पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन भव्यता, अनुशासन और सामाजिक समरसता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। देशभर से पहुंचे समाज के पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों और गणमान्यजनों की सहभागिता ने इस आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बना दिया। सम्मेलन के सफल आयोजन पर महासभा ने पश्चिम बंगाल इकाई के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। महासभा की ओर से पश्चिम बंगाल जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजनारायण जायसवाल, प्रदेश महासचिव धर्मेन्द्र जायसवाल, चेयरमैन राजीव जायसवाल, प्रदीप जायसवाल, दिलीप जायसवाल, स्वागताध्यक्ष अशोक साह तथा सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सम्मेलन की सफलता के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी गईं। महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि पश्चिम बंगाल इकाई के उत्कृष्ट समन्वय, संगठन क्षमता और सेवा-भाव ने सम्मेलन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया।

झारखंड प्रतिनिधिमंडल की रही सक्रिय भागीदारी
सम्मेलन में झारखंड से भी समाज के कई प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रतिनिधिमंडल में सुनील जायसवाल (प्रदेश अध्यक्ष, झारखंड), पारस जायसवाल (कार्यकारी अध्यक्ष), प्रभात रंजन जायसवाल (संगठन सचिव एवं मीडिया प्रभारी, झारखंड), प्रियम जायसवाल (कार्यकारी अध्यक्ष, अखिल भारतीय जायसवाल युवा महासभा सर्ववर्गीय), आशीष जायसवाल, बलराम जायसवाल और पंकज चौधरी शामिल रहे। उनकी सहभागिता को सम्मेलन की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान बताया गया।

एकता, शिक्षा और युवा सशक्तिकरण पर हुआ मंथन
राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान समाज की एकता, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण, सामाजिक उत्थान और संगठन विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा की गई। साथ ही भविष्य की कार्ययोजना भी तैयार की गई। महासभा ने आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, अतिथियों और सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य तथा समाज के प्रति निरंतर योगदान की कामना की।