logo

Ranchi : रांची पहुंचे कांग्रेस कोटे के सभी 4 मंत्री, कल कैबिनेट की मीटिंग में लेंगे हिस्सा

A106.jpg

रांची: 

झारखंड सरकार में शामिल कांग्रेस कोटे के चारों मंत्री रांची लौट आए हैं। मंत्री आलमगीर आलम, डॉ. रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता और बादल पत्रलेख रायपुर से रांची लौट आए। ये सभी मंत्री बाकी यूपीए विधायकों के साथ मंगलवार को ही रायपुर गए थे। दरअसल, 1 सितंबर यानी कल कैबिनेट की मीटिंग है। इसमें कई अहम फैसले लिए जाने हैं, यही वजह है कि मंत्री वापस लौटे हैं। झामुमो कोटे के सभी 5 मंत्री पहले से ही रांची में हैं। 

आलमगीर आलम ने रायपुर में क्या कहा था!
इससे पहले वापसी के दौरान रायपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री आलमगीर आलम ने कहा था कि सरकार का कोई कामकाज बंद नहीं है। दरअसल, उनसे पत्रकारों ने पूछा था कि आप लोग यहां हैं। ऐसे में प्रदेश में काम कैसे हो रहा है। उन्होंने कहा कि कामकाज ठप नहीं है। हम 4 मंत्री कैबिनेट की बैठक में भाग लेने जा रहे हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के कई राज्यों में चुनी हुई सरकारों को अपदस्थ करने का काम किया गया है।

रायपुर के इस रिजॉर्ट में हैं यूपीए के विधायक
मंगलवार को यूपीए के 49 में से 32 विधायक रायपुर गए थे। उनमें झामुमो के 19 और कांग्रेस के 11 विधायक शामिल हैं। झामुमो कोटे के 5 मंत्रियों में से कोई भी रायपुर नहीं गया था। कांग्रेस कोटे के मंत्री वापस लौट आए हैं। इस बीच जानकारी मिली कि मेफेयर रिजॉर्ट के बाहर छत्तीसगढ़ बीजेपी के नेताओं ने प्रदर्शन किया।