logo

अप्रैल को सामाजिक न्याय माह के रूप में मनाएगी आजसू, सरकार की मंशा का खोलेगी कच्चा-चिट्‌ठा

1274.jpg

द फॉलोअप डेस्क
महागठबंधन सरकार ने तीन साल में जनादेश के साथ बड़ा छल किया है। नौजवानों के भविष्य तथा झारखंडी अस्मिता एवं पहचान के साथ खिलवाड़ किया है। यह बातें डॉ. देवशरण भगत ने प्रेस वार्ता के दौरान ये बातें कही। उन्होंने कहा कि हमारे सात सूत्री मांगों में खतियान आधारित स्थानीय एवं नियोजन नीति, जातीय जनगणना एवं पिछड़ों को आबादी अनुसार आरक्षण, पूर्व में जो जातियां अनुसूचित जनजाति की सूची में थे, उन्हें पुनः अनुसूचित जनजाति में शामिल करना, सरना धर्म कोड, बेरोजगारों को रोज़गार, झारखण्ड के संसाधनों की लूट बंद करना तथा झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मान देना मुख्य रूप से शामिल है। इन मांगों को लेकर आजसू पार्टी मुखर होकर आंदोलन करते आई है और आगे भी यह संघर्ष और उलगुलान जारी रहेगा। वहीं, आजसू ने रिसर्च एंड डेटा एनालिसिस विंग का गठन किया है। देवशरण भगत के अनुसार ऐसा करने वाली आजसू पहली पार्टी होगी।

सीएम ने सबकुछ उलझा कर रख दिया
डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री ने नियोजन नीति के नाम पर अपना पॉलिटिकल एजेंडा सेट करने की कोशिश में सब कुछ उलझा कर रख दिया है। चुनाव से पहले 1932 खतियान आधारित स्थानीय नीति, नियोजन नीति और आरक्षण की बात करने वाली सरकार अब 1932 का नाम सुनते ही बौखला जाती है। झारखंडी युवाओं पर चलाई गई लाठियां उनकी राज्य विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। सीएम हर विधानसभा सत्र में अलग-अलग बयान देते रहते हैं। यह सरकार जातीय जनगणना से भी भाग रही है, जबकि आरक्षण के लिए यही आधार है।

अक्टूबर में होगा तीन दिवसीय महाधिवेशन
आजसू पार्टी का महाधिवेशन अक्टूबर में रांची में होगा। महाधिवेशन से पहले एक लाख सक्रिय कार्यकर्ता खड़े किए जाएंगे
जो सांगठनिक और चुनावी मोर्चा पर पार्टी के लिए रीढ साबित होंगे। पार्टी का महाधिवेशन 6 से 8 अक्टूबर तक रांची में होगा। इधर, आजसू प्रमुख सुदेश कुमार महतो एवं अन्य नेताओं ने आज मोरहाबादी, रांची स्थित नीलांबर-पीतांबर पार्क जाकर वीर शहीद नीलांबर-पीतांबर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि झारखंड के वीर सपूत नीलांबर-पीतांबर ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आंदोलन का जो बिगुल फूंका, वो हमारे जेहन में हमेशा रहेगा। आज का दिन उन अगणित बलिदानों को स्मरण करने और उनके संघर्षों को याद करने का दिन है, जिनके त्याग, समर्पण और शहादत से हमें आज़ादी मिली।

अप्रैल में इस प्रकार होंगे कार्यक्रम
5 अप्रैल को पूरे राज्य में रघुनाथ महतो शहादत दिवस समारोह का आयोजन तथा 11 अप्रैल को सिदो कान्हू जयंती समारोह का आयोजन होगा।

13 अप्रैल को सभी जिलों में नियोजन नीति, जातीय जनगणना, आरक्षण और नौकरी के सवाल को लेकर जिला स्तरीय सामाजिक न्याय मार्च होगा।

14 अप्रैल को बाबा साहेब आंबेडकर जयंती का आयोजन सभी विधानसभा क्षेत्रों में किया जाएगा।

23 अप्रैल को राज्यस्तरीय सामाजिक न्याय मार्च रांची में होगा।

25 अप्रैल को शहीद गंगा नारायण सिंह की जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा।

27 अप्रैल को अनुसूचित जनजाति महासभा का राज्य स्तरीय सम्मेलन भोगनाडीह, साहेबगंज में होगा।

30 अप्रैल को अनुसूचित जाति महासभा का राज्यस्तरीय सम्मेलन चतरा में होगा।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT