logo

निर्मल दा के विचारों और आदर्शों को स्थापित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी : सुदेश महतो

sudesh_nirmal.jpg

रांची : झारखंड आंदोलन के क्रांतिकारी शहीद निर्मल महतो की शहादत दिवस के अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने रांची में जेल चौक पर स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन किया और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ 2 मिनट का मौन धारण रखा। मौके पर आजसू के कार्यकर्ताओं द्वारा निर्मल महतो हम शर्मिंदा हैं तेरे कातिल जिंदा हैं के नारे लगाए गए। 
झारखंड का यथार्थ है कुर्बानी
बाद में आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि निर्मल महतो की कुर्बानी आज झारखंड का यथार्थ है। उनकी चिंता और संघर्ष के परिणाम स्वरूप ये प्रदेश है। लेकिन उनकी शहादत का जो संदेश था उसे राज्य गठन के बाद भी अभी तक पूरा नहीं किया गया है। दादा की शहादत दिवस के मौके पर मैं संकल्प लेता हूं कि उनकी सोच का झारखंड बनाएंगे जिसमें सभी लोग समान रूप से रह सके, सभी को समान अवसर मिले और यहां के मूल वासियों को अधिकार मिले।
हत्या का षड्यंत्र किसने रचा?
सुदेश महतो ने आगे कहा कि शहीद निर्मल महतो के कातिल तो पकड़े गए हैं लेकिन इसका षड्यंत्र किसने रचा? किस कारण से हत्या हुई? क्या यह राजनीतिक हत्या थी? इसकी गहन जांच हो और इसके पीछे किसका हाथ था सामने आए। निर्मल महतो दादा और झारखंड आंदोलन में जो भी शहीद हुए हैं उनको शहीद का दर्जा दिया जाए और उन्हें झारखंड का विशेष सम्मान मिले।

राज्यभर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन  
आजसू पार्टी ने गुरूवार को राज्यभर में निर्मल महतो के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने निर्मल महतो की प्रतिमा और छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही झारखंड अलग राज्य आंदोलन में उनके संघर्ष, योगदान और बलिदान को याद किया।

इस मौके पर केंद्रीय प्रवक्ता देवशरण भगत, राजेंद्र मेहता, जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, जिला अध्यक्ष संजय महतो, महानगर प्रभारी जितेंद्र सिंह, हटिया विधानसभा के प्रभारी भरत कांशी के अलावा पार्टी के तमाम नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
 

Tags - jharkhand newsnirmal mahtoajsusudesh mahto