द फॉलोअप, रांची
आजसू पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को चतरा और मांडू में कार्यकर्ता सम्मेलन सह मिलन समारोह का आयोजन किया। दोनों कार्यक्रमों में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियों और आगामी रणनीति को लेकर संबोधित किया।
सुदेश महतो ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से तय होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर तक पहुंच बनाकर जनता के बीच सक्रिय रहने स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आजसू का उद्देश्य केवल चुनावी सफलता हासिल करना नहीं बल्कि झारखंड के अधिकार सम्मान और विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से आगे बढ़ाना है।

BLA-2 कार्यकर्ता संगठन की रीढ़
उन्होंने BLA-2 कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताते हुए कहा कि उनकी सक्रिय भूमिका ही पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाएगी। उन्होंने आने वाले दिनों में बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान को तेज करने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने की अपील की। सम्मेलन में मांडू विधायक निर्मल महतो (तिवारी महतो) भी मौजूद रहे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसेवा को प्राथमिकता देने और लगातार लोगों के बीच रहकर संगठन को मजबूत बनाने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान को लेकर चर्चा हुई। साथ ही कार्यकर्ताओं ने संगठन को गांव और बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय बनाने का संकल्प लिया।