logo

आजसू ने केंद्रीय सचिव मनोज चंद्रा को किया निष्कासित, पार्टी विरोधी गतिविधियों का है आरोप

01222.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर आजसू ने बड़ी कार्रवाई करते हुए  केंद्रीय सचिव मनोज चंद्रा को निष्कासित कर दिया है। वहीं, केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो के निर्देश पर महेश महतो को आजसू पार्टी चतरा जिला कमेटी का कार्यवाहक जिलाध्यक्ष बनाया गया। साथ ही शिवलाल दांगी एवं छोटू भोक्ता को कार्यकारी जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। बताते चलें कि गैर जवाबदेह, लापरवाह और निष्क्रिय नेतृत्व के कारण आजसू पार्टी चतरा जिला कमेटी को भंग कर दिया गया था। इस संबध में पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि चतरा जिला में पार्टी के गठन, पुनर्गठन एवं विस्तार का कार्य अपेक्षित रफ्तार से चले, इसलिए कमेटी को भंग किया गया था। वहीं,  केंद्रीय सचिव के निष्कासन पर उन्होंने कहा कि राजनीति में जब विचारधारा से ऊपर महत्वाकांक्षाएं हावी हो जाती है तो संगठन का कार्य सुचारू रूप से नहीं चल पाता। उन्होंने कहा कि कई बैठकों और विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है।

जल्द होगा चतरा जिला में सम्मेलन
डॉ. भगत ने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए, भविष्य की रणनीतियों को लेकर 30 मई को उत्सव पैलेस में चतरा में जिला स्तरीय बैठक का आयोजन हुआ था। जिसमें संगठनात्मक समीक्षा की गई। बेहतर विकल्प के साथ बेहतरीन कल की ओर कैसे बढ़ा जाए, इसे लेकर चिंतन मंथन किया गया। उन्होंने कहा कि व्यापक चर्चा एवं रोडमैप के साथ कार्यवाहक जिलाध्यक्ष तथा कार्यकारी जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की गई है जो चतरा जिला में पार्टी की मूल इकाई तथा अनुषंगी इकाई के गठन, पुनर्गठन एवं विस्तार का कार्य करेंगे। डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि जल्द ही चतरा जिला सम्मलेन का आयोजन किया जाएगा।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N