logo

महिला नेतृत्व विस्तार पर AJSU का जोर, सुदेश महतो ने राज्यव्यापी संगठन मजबूत करने का किया ऐलान

sudesh43.jpg

रांची
महिलाओं की राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से आजसू पार्टी ने राज्यभर में बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक महिला नेतृत्व तैयार करने की रणनीति पर जोर दिया है। शनिवार को रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम में अखिल झारखंड महिला संघ का राज्यस्तरीय अधिवेशन आयोजित किया गया। अधिवेशन में राज्य भर से विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में महिला प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने कहा कि राज्य के समग्र विकास में महिलाओं की सक्रिय भूमिका आवश्यक है। उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनावों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण लागू कर उनकी राजनीतिक भागीदारी को बढ़ावा देने की पहल आजसू सरकार के दौरान की गई थी। उन्होंने कहा कि अब संगठन के भीतर भी महिलाओं को अधिक जिम्मेदारियां देकर नेतृत्व की नई पीढ़ी तैयार की जाएगी।

2024 से 18+ हुई मंइयां को ₹60 हजार एक साथ दे सरकार

सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर महिलाओं से जुड़े मुद्दों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, रोजगार और कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने यह भी मांग की कि पिछले दो वर्षों में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी पात्र महिलाओं को संबंधित सम्मान योजना का लाभ दिया जाए।

अधिवेशन के अंत में महिला सशक्तिकरण, राजनीतिक भागीदारी, महिला सुरक्षा, आर्थिक स्वावलंबन, स्वयं सहायता समूहों के सुदृढ़ीकरण और संगठन के आगामी कार्यक्रमों से जुड़े कई प्रस्ताव पारित किए गए। आयोजन में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और महिला पदाधिकारियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

बूथ पर BLO-2 के रूप में महिला कार्यकर्ता संभालेंगी जिम्मेदारी

सुदेश महतो ने कहा कि आजसू पार्टी ने निर्णय लिया है कि अब बूथ स्तर पर महिलाओं की भागीदारी को और मजबूत किया जाएगा। इसी क्रम में प्रत्येक बूथ पर BLO-2 के रूप में महिला कार्यकर्ता जिम्मेदारी संभालेंगी। पार्टी का उद्देश्य महिलाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में लाना और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना है।

राज्य के सभी बूथों पर आजसू पार्टी की महिला कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाती हुई नजर आएंगी। यह पहल महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ संगठन की मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

 

Tags - AJSUJharkhand PoliticsWomen EmpowermentPolitical ParticipationSudesh Mahto