logo

चतरा एयर एम्बुलेंस हादसा: आजसू ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग तेज 

parth2.jpg

रांची 

आजसू पार्टी के प्रतिनिधिमंडल द्वारा राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर चतरा एयर एम्बुलेंस हादसे को लेकर पूर्व में दिए गए आश्वासन के अनुपालन हेतु ज्ञापन सौंपा गया। इस मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने आश्वस्त किया कि इस ज्ञापन को मुख्यमंत्री तक अतिशीघ्र भेज दिया जाएगा, ताकि इस गंभीर एवं संवेदनशील मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

मंत्री इरफान अंसारी से फोन पर हुई बातचीत

इसी क्रम में यह भी जानकारी सामने आई है कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी द्वारा इस मामले को उनके विभाग से संबंधित नहीं बताया जा रहा है। यह बात चतरा एयर एम्बुलेंस हादसे में जान गवाने वाले डॉ. विकास गुप्ता के पिता बजरंगी प्रसाद ने अवगत कराई। जिन्होंने बताया कि लगभग 3 दिन पहले मंत्री इरफान अंसारी से फोन पर हुई बातचीत में भी यही बात कही गई थी। साथ ही, उनके आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में भी इस आशय की बातें सामने आई हैं।

सुदेश महतो हर संभव सहयोग करने का भरोसा दिया 

प्रतिनिधिमंडल ने इस पूरे प्रकरण में स्पष्टता, जवाबदेही एवं त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय एवं उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग दोहराई। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में डॉ. पार्थ परितोष (रांची जिला उपाध्यक्ष), डॉ. अरुण कुमार, डी.पी. मिश्रा, स्वर्गीय डॉ. विकास गुप्ता के पिता बजरंगी प्रसाद और  उनके भाई सुभाष गुप्ता शामिल थे। वहीं लोक भवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकत करने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो के आवास पर जाकर मुलाकात कर पुरे मामले से उन्हें अवगत कराया। सुदेश महतो ने भी हर संभव सहयोग करने का भरोसा दिया।

Tags - AJSU delegation Governor Santosh Kumar Gangwar Chatra air ambulance crashsudesh mahto irfan ansari